तीन नाबालिग लड़कियों के एक साथ गायब होने से मचा हड़कंप, गोरखपुर तक पहुंची पुलिस टीम
सांकेतिक तस्वीर
मोतिहारी के हरसिद्धि से तीन नाबालिग लड़कियों के एक साथ लापता होने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर गोपालगंज, मैरवा और गोरखपुर तक तलाश कर रही है. दो युवकों से पूछताछ जारी है.
Motihari News: हरसिद्धि थाना क्षेत्र के उज्जैन लोहियार गांव से तीन नाबालिग लड़कियों के एक साथ गायब होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस की तलाश लगातार जारी है. पुलिस की विशेष टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. परिजन भी अलग-अलग स्थानों पर लड़कियों की तलाश में जुटे हैं. अब तक तीनों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है.
मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर तलाश जारी
परिजनों के अनुसार, तीनों लड़कियों की तलाश मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर की जा रही है. संभावित लोकेशन के संबंध में गोपालगंज और मैरवा क्षेत्र से भी जानकारी मिलने की बात सामने आयी है. इसके बाद परिजनों ने इन इलाकों में पहुंचकर अपने स्तर से भी तलाश की.
पुलिस मोबाइल फोन और टावर लोकेशन के आधार पर मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है. संभावित लोकेशन मिलने पर संबंधित स्थानों पर टीम भेजकर छानबीन की जा रही है.
गोरखपुर तक पहुंची पुलिस टीम
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि तीनों लड़कियों की बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित कर काम किया जा रहा है. दरोगा प्रीतम कुमार और दरोगा शिखा सिंह को मामले की जांच और तलाश की जिम्मेदारी दी गयी है.
सोमवार की सुबह दरोगा प्रीतम कुमार मोबाइल लोकेशन के आधार पर गोरखपुर भी पहुंचे. हालांकि, वहां भी लड़कियों का कोई सुराग नहीं मिला और बरामदगी नहीं हो सकी.
दो युवकों को पूछताछ के लिए लाया गया
पुलिस ने उज्जैन लोहियार गांव से दो युवकों को पूछताछ के लिए थाने लाया है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने बताया कि वे पहले एक लड़की से बातचीत करते थे. हालांकि, संबंधित मोबाइल नंबर पिछले कई महीनों से बंद बताया गया है.
पुलिस दोनों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है. फिलहाल दोनों युवकों की भूमिका को लेकर जांच जारी है.
गोपालगंज और मैरवा की लोकेशन से बढ़ी तलाश
तीनों लड़कियों के संबंध में संभावित लोकेशन गोपालगंज और मैरवा क्षेत्र से मिलने की जानकारी के बाद पुलिस और परिजन अलग-अलग स्थानों पर तलाश कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जिस स्थान से भी कोई संभावित जानकारी मिल रही है, वहां टीम भेजकर जांच की जा रही है.
सुरक्षित बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता
तीनों नाबालिग लड़कियों के एक साथ गायब होने के बाद हरसिद्धि बाजार और आसपास के क्षेत्रों में भी चर्चा का माहौल है. पुलिस का पूरा ध्यान लड़कियों को सुरक्षित बरामद करने और घटना की वास्तविक स्थिति का पता लगाने पर है. मामले में मोबाइल फोन, टावर लोकेशन और अन्य उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ायी जा रही है.
यह भी पढ़ें: चीनी मिलें खुलने से पहले गन्ने का भाव तय करने की मांग, 650 रुपये क्विंटल के लिए किसानों का धरना
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए