मोतिहारी: स्कूल से घर लौट रहे शिक्षक शमशाद की हत्या के बाद जांच तेज, FSL टीम ने घटनास्थल की जांच की
सांकेतिक तस्वीर
मोतिहारी में शिक्षक शमशाद आलम की निर्मम हत्या के बाद मामले की जांच में तेजी आ गई है. पुलिस और FSL टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
Motihari News: बंजरिया थाना क्षेत्र के सिसवा पूर्वी पंचायत में शिक्षक शमशाद आलम हत्याकांड की जांच तेज हो गयी है. शुक्रवार की शाम सदर वन डीएसपी दिलीप कुमार और अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाये. वहीं, पुलिस फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
Banjaria News: विद्यालय पहुंचकर शिक्षकों से ली जानकारी
शुक्रवार की शाम सदर वन डीएसपी दिलीप कुमार पुलिस बल के साथ बनकट स्थित मध्य विद्यालय पहुंचे. यहां उन्होंने प्रधानाध्यापक और अन्य सहकर्मी शिक्षकों से मुलाकात कर घटना से जुड़ी आवश्यक जानकारी ली.
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शिक्षक शमशाद आलम के विद्यालय से निकलने के बाद उनके साथ क्या हुआ. साथ ही घटना से पहले और बाद में किन लोगों की गतिविधियां संदिग्ध थीं, इसकी भी जानकारी जुटायी जा रही है.
विद्यालय में पुलिस अधिकारियों ने शिक्षकों से घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी ली, ताकि पूरे घटनाक्रम को समझने में मदद मिल सके.
FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
मामले की जांच के दौरान शुक्रवार शाम फोरेंसिक साइंस लैब यानी FSL की टीम भी सिसवा पूर्वी पंचायत पहुंची. टीम ने पंचायत सरकार भवन के समीप और जटवा-जनरेवा मुख्य मार्ग पर स्थित उस बसवारी का निरीक्षण किया, जहां शिक्षक का शव फेंका गया था.
FSL टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किये और उन्हें अपने साथ ले गयी. पुलिस जांच में इन साक्ष्यों को घटना के विभिन्न पहलुओं को समझने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
स्कूल से लौटते समय शिक्षक की हुई थी हत्या
ज्ञात हो कि गुरुवार को शिक्षक शमशाद आलम मध्य विद्यालय बनकट में परीक्षा ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पंचायत सरकार भवन के समीप घात लगाये बदमाशों ने उन्हें घेर लिया.
आरोप है कि बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और उनकी हत्या कर दी. इसके बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को जटवा-जनरेवा मुख्य मार्ग पर स्थित एक बसवारी में फेंक दिया गया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गये.
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है. थानाध्यक्ष निभा कुमारी ने बताया कि घटना में संलिप्त और फरार चल रहे सभी आरोपियों की पहचान कर ली गयी है.
उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. पुलिस की कार्रवाई के साथ-साथ FSL टीम से जुटाये गये वैज्ञानिक साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: मोतिहारी में आधी रात चोरों का धावा, मंगलसूत्र-हार से लेकर नकदी तक सब समेट ले गये
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए