मुंबई के डायमंड-गोल्ड लूटकांड का अपराधी मोतिहारी से गिरफ्तार, भारी मात्रा में जेवर बरामद

Updated:
विज्ञापन

बरामद डायमंड व गोल्ड

नवी मुंबई के खारघर में हुए डायमंड-गोल्ड लूटकांड का सरगना श्रीराम साह बिहार एसटीएफ ने मोतिहारी से गिरफ्तार किया है. उसके पास से 17 हीरे-सोने की अंगूठियां, प्लेटिनम के आभूषण और लाखों के जेवर बरामद हुए हैं. यह गिरफ्तारी महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात में दर्ज अन्य मामलों से भी जुड़ी है.

विज्ञापन

Motihari News: मोतिहारी. महाराष्ट्र के नवी मुंबई के खारघर में डायमंड व गोल्ड लूटकांड के बाद पुलिस की नजरों से बचकर मोतिहारी पहुंचे सटरकटवा गिरोह के सरगना श्रीराम साह को बिहार एसटीएफ ने शुक्रवार की रात छतौनी इलाके से गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से हीरा व सोने की 17 अंगूठियां, प्लेटिनम के आभूषण और अन्य कीमती जेवरात बरामद हुए हैं. एसटीएफ ने उसके कब्जे से 90 हजार रुपये नकद और 1170 नेपाली रुपये भी बरामद किए हैं. एसपी स्वर्ण प्रभात ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है.

आपके शहर में

विज्ञापन

नवी मुंबई के खारघर लूटकांड में था वांछित

एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि छतौनी के बरियारपुर निवासी श्रीराम साह नवी मुंबई के खारघर थाना में दर्ज कांड संख्या 0371/26 में वांछित था. 11 अगस्त को मामला दर्ज होने के बाद वह महाराष्ट्र से निकलकर मोतिहारी पहुंचा और छतौनी थाना क्षेत्र में छिपकर रहने लगा.

एसटीएफ को उसके ठिकाने की जानकारी मिली. इसके बाद टीम ने इलाके की घेराबंदी कर श्रीराम साह को गिरफ्तार कर लिया.

हीरा व सोने की 17 अंगूठियां बरामद

गिरफ्तारी के बाद श्रीराम साह की तलाशी ली गयी. इस दौरान हीरा और सोने की 17 अंगूठियां बरामद हुईं. इनका कुल वजन 38.47 ग्राम बताया गया है.

इसके अलावा 3.36 ग्राम की सोने की अंगूठी, 4.67 ग्राम और 2.53 ग्राम के सोने के लॉकेट तथा 0.45 ग्राम का सोने का कान का स्टड भी बरामद किया गया. इन सोने के आभूषणों का कुल वजन 11.01 ग्राम बताया गया है.

प्लेटिनम के चेन, ब्रेसलेट और रिंग भी मिले

तलाशी के दौरान एसटीएफ को 18.36 ग्राम की प्लेटिनम चेन, 4.66 ग्राम के प्लेटिनम ब्रेसलेट का टुकड़ा और 6.23 ग्राम की प्लेटिनम रिंग भी मिली.

इसके अलावा ज्वेल टोन की दो चेन और लॉकेट भी बरामद किए गए. बरामद आभूषणों की सूची में कुल वजन 99.31 ग्राम दर्ज है.

महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात में दर्ज हैं मामले

पुलिस के अनुसार श्रीराम साह के खिलाफ महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात में गृह-भेदन से जुड़े तीन मामले दर्ज हैं. इससे उसके अंतरराज्यीय आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी मिली है.

अब एसटीएफ की जांच गिरोह के दूसरे सदस्यों और अलग-अलग राज्यों में हुई वारदातों पर केंद्रित है.

मोतिहारी में कहां खपना था लूट का माल, जांच जारी

एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि खारघर की वारदात के बाद श्रीराम साह लूट का माल लेकर मोतिहारी किस रास्ते पहुंचा और यहां उसे खपाने में कौन मदद करने वाला था.

गिरोह में उसके साथ कौन-कौन शामिल हैं और बरामद जेवरात किन वारदातों से जुड़े हैं, इसकी भी जांच की जा रही है. छतौनी से बरामद जेवरात की पहचान और उनके स्रोत की जांच के बाद नवी मुंबई लूटकांड के साथ दूसरे मामलों की कड़ियां जुड़ने की संभावना है.

एसटीएफ आरोपी को अपने साथ ले गयी है. पूछताछ में गिरोह के नेटवर्क और उसके अंतरराज्यीय संपर्कों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें: 3 साल की गरिमा को न्याय दिलाने सड़क पर उतरा नेपाल, वीरगंज-पथलैया मार्ग चौथे दिन भी बंद


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन