Raxaul News: 3 साल की गरिमा को न्याय दिलाने सड़क पर उतरा नेपाल, वीरगंज-पथलैया मार्ग चौथे दिन भी बंद
वीरगंज-पथलैया सड़कखंड पर टायर जलाकर प्रदर्शन करते लोग
नेपाल में तीन वर्षीय गरिमा चौधरी की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर चौथे दिन भी आंदोलन जारी है. जीतपुरसिमरा में सड़क पर धरना प्रदर्शन से वीरगंज-पथलैया मार्ग पर यातायात ठप है. परिजनों की मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा.
Raxaul News: रक्सौल. तीन वर्षीय गरिमा चौधरी की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर नेपाल में शुरू हुआ आंदोलन शनिवार को लगातार चौथे दिन भी जारी रहा. जीतपुरसिमरा उपमहानगरपालिका के सिमरा क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों ने सड़क के बीच टेंट लगाकर धरना जारी रखा, जिससे वीरगंज-पथलैया मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा. मृतका के परिजन अपनी मांगों के समाधान तक आंदोलन खत्म करने को तैयार नहीं हैं.
आपके शहर में
चौथे दिन भी नहीं खुला वीरगंज-पथलैया मार्ग
गरिमा चौधरी मामले में स्थानीय लोगों ने बुधवार सुबह करीब 11 बजे से सड़क जाम कर आंदोलन शुरू किया था. शनिवार तक आंदोलन जारी रहने से वीरगंज-पथलैया सड़कखंड पर लंबी दूरी के वाहनों के साथ आम यात्रियों की आवाजाही भी प्रभावित रही.
आंदोलनकारियों की मांग है कि घटना की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और मृतका के परिवार को न्याय सुनिश्चित किया जाए.

बरियारपुर और वीरगंज तक पहुंचा आंदोलन
शुरुआत में सीमरा क्षेत्र तक सीमित विरोध अब नेपाल के अन्य इलाकों में भी फैल गया है. शनिवार को कलैया के बरियारपुर और वीरगंज में भी लोगों ने रैली निकालकर गरिमा चौधरी के लिए न्याय की मांग की.
वीरगंज में स्कूली बच्चों ने भी रैली में हिस्सा लिया और घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी सजा की मांग उठाई.
पांच बिंदुओं पर सहमति के बाद भी नहीं थमा आंदोलन
आंदोलन तेज होने के बाद स्थानीय प्रशासन, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और जीतपुरसिमरा उपमहानगरपालिका के जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में गुरुवार देर रात पांच बिंदुओं पर सहमति बनी थी. इसमें इलाका पुलिस कार्यालय सिमरा के डीएसपी दिलीप क्षेत्री के तबादले समेत अन्य मांगों पर निर्णय होने की बात कही गई थी.
हालांकि, गरिमा के परिवार ने मध्यरात्रि में हुए इस समझौते पर अपनी सहमति नहीं जताई. परिजनों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों का उचित समाधान नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा.
दो आरोपी गिरफ्तार, फिर भी परिवार की मांग पूरी नहीं
मामले में नेपाल पुलिस की टीम ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. इसके बावजूद प्रदर्शनकारी और मृतका के परिजन निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर कायम हैं.
परिवार की असहमति के कारण प्रशासन और आंदोलनरत पक्ष के बीच बनी सहमति प्रभावी नहीं हो सकी है.
शव लेने से भी परिजनों का इनकार
मृतका गरिमा चौधरी का शव अभी भी कलैया अस्पताल में रखा हुआ है. परिजनों ने न्याय की मांग पूरी होने तक शव लेने से इनकार कर दिया है.
इस स्थिति के कारण आंदोलन कब समाप्त होगा, इसे लेकर अब भी स्पष्टता नहीं है. सड़क मार्ग बंद होने से नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ भारत से आने-जाने वाले यात्रियों और पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. काठमांडू समेत अन्य स्थानों की यात्रा के लिए लोगों को कलैया होकर वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ रहा है.
यह भी पढ़ें: 7,194 एकड़ में 716.91 एकड़ जमीन गायब! बेतिया राज की जमीन खोजने में जुटा प्रशासन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए