तंत्र-मंत्र, नाजायज रिश्ते और विदेश यात्रा… माशूका के लिए बीवी का कत्ल, 17 दिनों बाद खुला राज
पत्नी पर हमला करता पति, फोटो- एआई
Motihari Murder Mistry: 17 जून को रेलवे ट्रैक के किनारे मिली महिला की मौत को पहले हादसा माना गया था. अब पुलिस ने जांच में पति, उसकी दूसरी पत्नी और एक तांत्रिक को हत्या की साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया है.
Motihari Murder Mystery: पूर्वी चंपारण में 17 जून को रेलवे ट्रैक के किनारे मिली महिला की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जिस घटना को शुरुआत में रेल हादसा माना जा रहा था, उसे पुलिस ने जांच के बाद सुनियोजित हत्या बताया है. पुलिस ने मृतका के पति, उसकी दूसरी पत्नी और एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया है. पुलिस का दावा है कि तीनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और उसे हादसे का रूप देने की कोशिश की.
आपके शहर में
अब तक क्या हुआ?
- 17 जून: रेलवे ट्रैक के पास महिला का शव मिला.
- शुरुआत: रेल हादसे की आशंका.
- जांच: SIT, DIU और FSL को लगाया गया.
- खुलासा: पति, दूसरी पत्नी और तांत्रिक गिरफ्तार.
17 जून को रेलवे ट्रैक के पास मिला था शव

पलनवा थाना क्षेत्र के मसीनाडीह हॉल्ट के पास 17 जून को 45 वर्षीय मीना देवी का शव रेलवे ट्रैक के किनारे मिला था. उस समय मामला रेल हादसे का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस ने विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू की. जांच के लिए एसआईटी, डीआईयू और एफएसएल की संयुक्त टीम गठित की गई, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए.
यह भी पढे़ं: “मेरी बेटी को जहर देकर मार डाला…” जाले BDO की पत्नी की संदिग्ध मौत, मां ने लगाया हत्या का आरोप
पति की दूसरी शादी बनी विवाद की वजह
पुलिस के अनुसार, मृतका मीना देवी लखौरा थाना क्षेत्र के झिटकहिया गांव निवासी तपेश्वर सहनी की पत्नी थीं. जांच में सामने आया कि तपेश्वर सहनी का नेपाल की रहने वाली लक्ष्मी देवी से संबंध था और उसने उससे दूसरी शादी कर ली थी. पहली पत्नी इसका लगातार विरोध कर रही थी, जिससे परिवार में विवाद बना हुआ था.
तांत्रिक के जरिए रची गई साजिश

पूर्वी चंपारण के डीएसपी मनीष आनंद ने बताया कि पारिवारिक विवाद के दौरान दोनों पक्षों का संपर्क सुगौली थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी सिकंदर सहनी उर्फ भगत जी से हुआ. पुलिस के अनुसार, तांत्रिक ने विवाद सुलझाने के नाम पर दोनों पक्षों से 50-50 हजार रुपये लेने की बात कही थी. इस तरह कथित तौर पर एक लाख रुपये में पूरी साजिश तय हुई.
यह भी पढे़ं: पिस्तौल के बल पर युवती से दुष्कर्म की कोशिश, लोडेड हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार
ट्रेन से धक्का देकर हत्या करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत तांत्रिक ने मीना देवी को नेपाल घुमाने और संपत्ति का मालिक बनाने का झांसा देकर मोतिहारी बुलाया. इसके बाद पति, दूसरी पत्नी और तांत्रिक उसे लोकल ट्रेन से मोतिहारी से रक्सौल ले जा रहे थे. आरोप है कि मसीनाडीह हॉल्ट के पास चलती ट्रेन से उसे नीचे धक्का दे दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद तीनों ने इसे हादसा बताकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की.
पूछताछ में खुली साजिश की परतें
पुलिस का कहना है कि तीनों संदिग्धों से अलग-अलग पूछताछ के दौरान उनके बयानों में विरोधाभास मिला. इसके बाद जांच को आगे बढ़ाया गया और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पूरी साजिश का खुलासा हुआ. तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढे़ं: मुजफ्फरपुर में सुबह-सुबह हत्या, मंदिर जा रहे किराना व्यवसायी को गोलियों से भूना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए