मोतिहारी: दो जुड़वां बेटों को जन्म देकर मां ने तोड़ा दम, नर्सिंग होम में हंगामे के बाद उठे सवाल

Author Raj Nikhil|Edited by Purushottam Kumar
Updated:
विज्ञापन

घटना के बाद निजी नर्सिंग होम के बाहर उमड़ा ग्रामीण व परिजनों का भीड़

मोतिहारी के एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान 22 वर्षीय प्रसूता विनीता कुमारी की मौत हो गई. ऑपरेशन के बाद दो स्वस्थ जुड़वां बेटों को जन्म देने वाली महिला की मौत से परिजनों में आक्रोश है. उन्होंने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

Motihari News: मोतिहारी. नगर थाना क्षेत्र के अगरवा मोहल्ला स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान 22 वर्षीय प्रसूता विनीता कुमारी की मौत हो गई. महिला ने ऑपरेशन के बाद दो स्वस्थ जुड़वां बेटों को जन्म दिया था, जिन्हें सुरक्षित बताया जा रहा है. प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने अस्पतालकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

जुड़वां बच्चों को जन्म देने के तीसरे दिन बिगड़ी तबीयत

मृतका की पहचान बंजरिया थाना क्षेत्र के चैलाहां कटहरिया निवासी अवधेश कुमार की 22 वर्षीय पत्नी विनीता कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार प्रसव पीड़ा के बाद विनीता को 19 अगस्त को अगरवा स्थित निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था.

ऑपरेशन के बाद विनीता ने दो जुड़वां बेटों को जन्म दिया. दोनों बच्चों की स्थिति सुरक्षित बताई जा रही है और उन्हें निगरानी के लिए आईसीयू में रखा गया है.

अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद हुई मौत

परिजनों के अनुसार ऑपरेशन के तीसरे दिन गुरुवार देर रात विनीता की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. नर्सिंग होम में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए हंगामा करने लगे.

अस्पतालकर्मियों पर लापरवाही का आरोप

परिजनों का आरोप है कि अस्पतालकर्मियों की कथित लापरवाही के कारण विनीता की जान गई. उनका कहना है कि गर्भावस्था के दौरान शुरुआत से ही विनीता का इलाज इसी नर्सिंग होम में चल रहा था. ऐसे में प्रसव के बाद अचानक उसकी मौत कैसे हुई, इसकी जांच होनी चाहिए.

हालांकि, अस्पताल प्रबंधन का पक्ष इस मामले में सामने नहीं आया है. मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित परिजनों को समझाकर शांत कराया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई और शव परिजनों को सौंप दिया.

आवेदन मिलने के बाद पुलिस कर रही जांच

नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि मृतका के परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध तथ्यों एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: बाघ ने छीनी किसान की जिंदगी, वन विभाग ने परिवार को सौंपा 10 लाख का सहारा


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन