रक्सौल एयरपोर्ट से उड़ान कब? दूसरे चरण के सर्वे में जुटा प्रशासन, जानिए अब तक क्या हुआ
बैठक में मौजूद डीएम व अन्य अधिकारी
रक्सौल एयरपोर्ट के संचालन और विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें डीएम सौरभ सुमन यादव ने भाग लिया. दूसरे चरण का सर्वे जारी है, जिसमें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख राजमार्गों का अध्ययन किया जा रहा है.
Motihari News: मोतिहारी. सिविल विमानन विभाग, बिहार के सचिव से प्राप्त पत्र के आलोक में रक्सौल हवाई अड्डे के संचालन एवं विकास को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभागार में महत्वपूर्ण बैठक हुई. डीएम सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में रक्सौल एयरपोर्ट की यात्री क्षमता, सुविधाओं, कार्गो संभावनाओं और ट्रैफिक पोटेंशियल स्टडी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
आपके शहर में
रक्सौल एयरपोर्ट के दूसरे चरण का सर्वे शुरू
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, नई दिल्ली के सहायक महाप्रबंधक कुमार आशीष ने बताया कि रक्सौल एयरपोर्ट के विकास के लिए ट्रैफिक आकलन अध्ययन कराया जा रहा है. सर्वे का पहला चरण पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण का सर्वे वर्तमान में जारी है.
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और हाईवे का हो रहा सर्वे
दूसरे चरण के सर्वे के तहत रक्सौल हवाई अड्डे के अलावा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख राजमार्गों से जुड़े क्षेत्रों का अध्ययन किया जा रहा है. इसका उद्देश्य संभावित यात्रियों की आवाजाही और क्षेत्र की परिवहन जरूरतों का आकलन करना है.
कैचमेंट एरिया से जुटाया जा रहा डेटा
सर्वे के दौरान रक्सौल एयरपोर्ट के आसपास के कैचमेंट एरिया से उद्योग, पर्यटन, रेलवे, आईसीपी, सड़क परिवहन, शिक्षा, वाणिज्यिक संस्थाओं, बस ऑपरेटरों और वाल्मीकि टाइगर रिजर्व समेत अन्य पर्यटन स्थलों से संबंधित जरूरी आंकड़े जुटाए जा रहे हैं.
इस डेटा के आधार पर एयरपोर्ट की संभावित यात्री क्षमता और भविष्य की जरूरतों का आकलन किया जाएगा.
यात्री सुविधाओं और कार्गो संभावनाओं पर मंथन
बैठक में एयरपोर्ट पर भविष्य में आवश्यक यात्री सुविधाओं, संभावित यात्रियों की संख्या और माल ढुलाई यानी कार्गो की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई. अधिकारियों और हितधारकों ने रक्सौल की भौगोलिक स्थिति और सीमावर्ती क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप एयरपोर्ट विकास पर विचार रखा.
हवाई संपर्क से बढ़ेगा पर्यटन और कारोबार
बैठक में शामिल हितधारकों ने कहा कि बेहतर एयर कनेक्टिविटी मिलने से रक्सौल और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन, उद्योग, व्यापार और निवेश को नई गति मिल सकती है. इससे रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है.
जिला प्रशासन देगा हरसंभव सहयोग
डीएम सौरभ सुमन यादव ने कहा कि रक्सौल एयरपोर्ट के विकास के लिए जिला प्रशासन की ओर से जिस भी सहयोग की आवश्यकता होगी, उसे तत्परता से उपलब्ध कराया जाएगा. बैठक के अंत में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अधिकारियों ने जिला प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी: दो जुड़वां बेटों को जन्म देकर मां ने तोड़ा दम, नर्सिंग होम में हंगामे के बाद उठे सवाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए