किशनगंज से लूटे गये नेपाली तेल का मोतिहारी कनेक्शन, फेनहारा में मिली 92 टीन की खेप
फेनहारा से बरामद किशनगंज में लूटी गयी नेपाली सोयाबीन तेल
पूर्वी चंपारण के फेनहारा बाजार में एक बड़ी कार्रवाई हुई है. किशनगंज पुलिस ने मधुबन के सहयोग से एक किराना दुकान से 92 टीन नेपाली सोयाबीन तेल बरामद किया है, जिसे किशनगंज से लूटा गया था. मामले में दुकानदार को गिरफ्तार किया गया है.
Motihari News: मधुबन. किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र में चालक और उपचालक को बंधक बनाकर लूटे गये नेपाली सोयाबीन तेल की खेप का कनेक्शन पूर्वी चंपारण तक पहुंच गया है. किशनगंज पुलिस ने मधुबन पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए फेनहारा बाजार स्थित एक किराना दुकान से लूटे गये 92 टीन नेपाली सोयाबीन तेल बरामद किया है. मामले में फेनहारा निवासी किराना दुकानदार रंजीत प्रसाद को गिरफ्तार किया गया है. वहीं पुलिस लूट की घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.
फेनहारा की किराना दुकान से 92 टीन तेल बरामद
किशनगंज पुलिस ने मधुबन पुलिस के सहयोग से फेनहारा बाजार स्थित किराना दुकान में कार्रवाई की. पुलिस के अनुसार दुकान से लूटे गये 92 टीन नेपाली सोयाबीन तेल बरामद किये गये. बरामद तेल को किशनगंज पुलिस ने जब्त कर लिया है. दुकानदार रंजीत प्रसाद से पूछताछ कर पुलिस तेल की खरीद-फरोख्त और लूट की घटना में उसकी भूमिका के बारे में जानकारी जुटा रही है.
135 टीन तेल में 92 बरामद, 44 का पता नहीं
पुलिस के अनुसार फेनहारा में दुकानदार को कुल 135 टीन नेपाली सोयाबीन तेल उपलब्ध कराया गया था. इनमें से 92 टीन बरामद कर लिये गये हैं, जबकि शेष 44 टीन तेल का अब तक पता नहीं चल सका है. पुलिस बरामदगी के साथ-साथ बाकी तेल की तलाश में भी संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है.
मधुबन के व्यवसायी की निशानदेही पर हुई बरामदगी
बताया जाता है कि मधुबन के व्यवसायी दीपक चौधरी की निशानदेही पर फेनहारा बाजार की दुकान से तेल बरामद किया गया. इसी जांच के क्रम में किशनगंज पुलिस ने मधुबन थाने के सहयोग से दीपक चौधरी को गिरफ्तार किया. हालांकि, उसके पास से तेल की बरामदगी की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की अन्य कड़ियों की जानकारी जुटा रही है.
चकिया के दो व्यवसायी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
किशनगंज पुलिस इस मामले में चकिया के व्यवसायी दीपक कुमार सुल्तानिया और संजय माखरिया को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. पुलिस के अनुसार दीपक के गोदाम से 97 टीन नेपाली सोयाबीन तेल बरामद किया जा चुका है. अब जांच का दायरा मधुबन और फेनहारा तक पहुंचने के बाद पुलिस लूटे गये तेल की पूरी खेप और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है.
मोबाइल बातचीत से जुड़ रही लूटकांड की कड़ियां
पुलिस के अनुसार मामले की जांच में मोबाइल फोन से हुई बातचीत और वैज्ञानिक जांच के आधार पर अलग-अलग लोगों के बीच कड़ियां जोड़ी जा रही हैं. किशनगंज पुलिस मोतिहारी पुलिस के सहयोग से पचपकड़ी और ढाका इलाके में भी संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और कार्रवाई की जा सकती है.
स्कार्पियो सवार बदमाशों ने ट्रक को बनाया था निशाना
पुलिस के अनुसार 8 सितंबर 2026 को नेपाल से जोगबनी बॉर्डर के रास्ते असम जा रहे करीब 1500 टीन नेपाली सोयाबीन तेल लदे ट्रक को स्कार्पियो सवार छह बदमाशों ने बहादुरगंज थाना क्षेत्र के नाटूपारा के पास अगवा कर लिया था. बदमाशों ने चालक सूरज बोसाक और उपचालक प्रदीप तांती को बंधक बना लिया था. इसके बाद ट्रक से दूसरी गाड़ी में करीब 450 से 500 टीन सोयाबीन तेल उतारकर लूट लिया गया. चालक का मोबाइल और 25 हजार रुपये तथा उपचालक से तीन हजार रुपये नकद भी ले लिये गये थे.
घटना के बाद चालक के फर्द बयान पर बहादुरगंज थाने में कांड संख्या 568/26 दर्ज की गयी. कांड के अनुसंधानकर्ता इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस लूटे गये तेल की बरामदगी और मामले से जुड़े लोगों की पहचान के लिए कार्रवाई कर रही है.
ये भी पढ़ें: आधे घंटे की बारिश में बेतिया जलमग्न, सड़कें ऊंची होने के बाद निचले हिस्सों में जमा हो रहा पानी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए