छापेमारी के दौरान बरामद नकदी में हेराफेरी, चार सिपाही बर्खास्त
नकदी में हेराफेरी, चार सिपाही बर्खास्त
मोतिहारी पुलिस में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाया गया है. गोविंदगंज थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान बरामद नकदी में हेराफेरी करने के आरोप में चार सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है. यह कार्रवाई पुलिस की छवि सुधारने के उद्देश्य से की गई है.
Motihari police constables dismissed: मोतिहारी पुलिस में भ्रष्टाचार और कर्तव्यहीनता के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई की गई है. एसपी स्वर्ण प्रभात ने गोविंदगंज थाना क्षेत्र के रढ़िया गांव में हुई छापेमारी के दौरान बरामद नकदी में हेराफेरी करने के आरोप में चार सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया है. बर्खास्त किए गए सिपाहियों में संतोष कुमार, गौतम कुमार यादव, कृष्ण कुमार और ओमप्रकाश शामिल हैं.
छापेमारी के दौरान बरामद किए गए थे चार लाख से अधिक रुपये
पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2025 की रात जालसाजी व ठगी के मामले में मुख्य अभियुक्त चंदन सिंह के घर छापेमारी की गई थी. इस छापेमारी के दौरान कुल 4.15 लाख रुपये नकद, 10 सोने जैसे बिस्किट और एक सोने जैसी चेन बरामद हुई थी, जिसमें उक्त चारों सिपाही भी शामिल थे. इन पर आरोप लगा कि इन्होंने बरामद रकम में से तीन लाख रुपये निकालकर आपस में बांट लिए और केवल एक लाख रुपये ही पुलिस को सौंपे.
Bihar police corruption: विभागीय जांच में आरोप प्रमाणित होने पर हुई बड़ी कार्रवाई
मामला सामने आने के बाद चारों सिपाहियों के खिलाफ साहेबगंज थाना, मुजफ्फरपुर में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद पुलिस विभाग द्वारा शुरू की गई विभागीय जांच में उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह प्रमाणित पाए गए. जांच प्रतिवेदन में उन्हें कर्तव्य के प्रति लापरवाही और भ्रष्ट आचरण के लिए पूर्णतः दोषी करार दिया गया.
पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने पर लिया गया कड़ा एक्शन
पुलिस द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि इन सिपाहियों का कृत्य बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली-1976 और बिहार पुलिस एक्ट-2007 के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है. इनके इस भ्रष्ट आचरण से पूरे पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई है, जिसके चलते उन्हें अनुशासनहीनता के आरोप में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें... चंपारण से मुंबई तक फैला स्पिरिट का सिंडिकेट, सूरज के खुलासे से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए