पताही सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी बदले, डॉ. सुधांशु रंजन को मिली जिम्मेदारी

Updated:
विज्ञापन
पताही सिएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी बने डॉ सुधांशु रंजन का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network

डॉ सुधांशु रंजन

पूर्वी चंपारण के पताही सीएचसी में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है. ऑक्सीजन की कमी से बुजुर्ग की मौत के मामले में हुई जांच के बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शंकर बैठा को पद से हटा दिया गया है. उनकी जगह डॉ. सुधांशु रंजन को नया प्रभारी नियुक्त किया गया है.

विज्ञापन

Motihari News: पताही. पूर्वी चंपारण के पताही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है. पिछले दिनों इलाज के लिए पहुंचे एक बुजुर्ग को ऑक्सीजन स्पॉट नहीं मिलने और बाद में उनकी मौत के मामले में परिजनों द्वारा सीएचसी में शव रखकर जांच की मांग किए जाने के बाद कार्रवाई हुई है. जिला प्रशासन के निर्देश के आलोक में डॉ. शंकर बैठा को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सह निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी के पद से मुक्त कर दिया गया है. उनकी जगह डॉ. सुधांशु रंजन को सीएचसी पताही का नया प्रभारी बनाया गया है.

जांच रिपोर्ट के आधार पर हुई कार्रवाई

जिले के असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, पूर्वी चंपारण की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि पकड़ीदयाल अनुमंडल पदाधिकारी मंगला कुमारी द्वारा मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपी गयी थी. एसडीओ की ओर से पत्रांक 404, दिनांक 13 जुलाई 2026 को जांच प्रतिवेदन समर्पित किया गया था.

इसी जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी के निर्देश के आलोक में डॉ. शंकर बैठा को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सह निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी के पद से मुक्त करने की कार्रवाई की गयी है.

डॉ. सुधांशु रंजन को मिली सीएचसी की जिम्मेदारी

जारी आदेश के अनुसार सीएचसी के द्वितीय वरीयतम चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहनलाल प्रसाद चिकित्सा कराने के लिए छुट्टी पर हैं. ऐसे में बिहार स्वास्थ्य सेवा संवर्ग के सीएचसी में कार्यरत एकमात्र चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुधांशु रंजन को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी बनाया गया है.

उन्हें सीएचसी पताही के साथ उसके क्षेत्राधीन आने वाले अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्रों के निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी की जिम्मेदारी भी सौंपी गयी है.

तीन दिनों के भीतर प्रभार लेने का निर्देश

मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी की ओर से जारी आदेश में नए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुधांशु रंजन को तीन दिनों के भीतर प्रभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है. इसके साथ ही सीएचसी के प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों का संचालन भी अब उनके जिम्मे रहेगा.

बुजुर्ग की मौत के बाद उठे थे सवाल

बताया जाता है कि पिछले दिनों पताही सीएचसी में इलाज के लिए पहुंचे एक बुजुर्ग को ऑक्सीजन स्पॉट नहीं मिलने के बाद उनकी मौत हो गयी थी. घटना से नाराज परिजनों ने शव को सीएचसी परिसर में रखकर मामले की जांच की मांग की थी. इसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच करायी थी. जांच रिपोर्ट और जिलाधिकारी के निर्देश के बाद अब सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को बदल दिया गया है.

यह भी पढ़ें: घोड़ासहन में बिजली चोरी के खिलाफ अभियान, चार उपभोक्ताओं पर प्राथमिकी, विभाग को 1.81 लाख की क्षति


विज्ञापन
विकास कुमार

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

विकास कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन