एक गलती से खाली हो सकता है बैंक खाता! मोतिहारी कॉलेज में छात्रों को साइबर ठगी से बचने की ट्रेनिंग
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि व अन्य
मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में साइबर सुरक्षा और कानूनी जागरूकता पर एक कार्यशाला आयोजित की गई. छात्रों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, और डिजिटल भुगतान में सुरक्षा के तरीके बताए गए.
Motihari News: मोतिहारी. मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में मंगलवार को साइबर थाना एवं न्याय अधिकार फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में साइबर एवं कानूनी जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गयी. कार्यशाला में विद्यार्थियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल भुगतान, सोशल मीडिया सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया. विशेषज्ञों ने साइबर अपराध से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए.
साइबर अपराध और डिजिटल सुरक्षा पर हुआ प्रशिक्षण
कार्यशाला का संचालन न्याय अधिकार फाउंडेशन के संचालक अमन कुमार राज ने किया. आशीष राज ने डिजिटल सुरक्षा, राज रंजन कुमार ने साइबर अपराध की पहचान और बचाव तथा माधव सिंह ने ऑनलाइन गोपनीयता से जुड़े विषयों की जानकारी दी.
विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित व्यवहार और अपनी व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के महत्व के बारे में समझाया गया.
सोशल मीडिया और फिशिंग से बचने के तरीके बताए
अतुल कृष्णा ने सोशल मीडिया सुरक्षा से जुड़े खतरों और सावधानियों की जानकारी दी. वहीं कुणाल भारद्वाज ने फिशिंग और फर्जी लिंक के माध्यम से होने वाली ऑनलाइन धोखाधड़ी के बारे में बताया.
विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने या संदिग्ध डिजिटल माध्यम पर जानकारी साझा करने से पहले उसकी विश्वसनीयता की जांच करना जरूरी है.
सुरक्षित डिजिटल लेन-देन की दी गयी जानकारी
एमडी जुनैद आलम ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं को समझाया. प्रिंस कुमार ने सुरक्षित डिजिटल लेन-देन से संबंधित सावधानियों की जानकारी दी.
राजू शर्मा ने साइबर अपराध होने की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में बताया. विद्यार्थियों से डिजिटल भुगतान करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की गयी.
डिजिटल गिरफ्तारी और OTP-UPI फ्रॉड पर साइबर थाना की जानकारी
साइबर थाना मोतिहारी के निरीक्षक मनीष कुमार ने डिजिटल गिरफ्तारी, म्यूल अकाउंट, OTP और UPI फ्रॉड, फिशिंग, पहचान की चोरी तथा सोशल मीडिया धोखाधड़ी जैसे मामलों से बचाव की जानकारी दी.
उन्होंने कहा कि साइबर अपराध के बदलते तरीकों को समझना जरूरी है. विद्यार्थियों को खुद जागरूक रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना चाहिए.
साइबर ठगी होने पर 1930 पर तुरंत करें शिकायत
निरीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करनी चाहिए. समय पर शिकायत दर्ज कराने से ठगी की रकम को रोकने या उसकी रिकवरी की संभावना बढ़ सकती है.
उन्होंने साइबर अपराध की शिकायत के लिए राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल का इस्तेमाल करने की जानकारी भी दी.
महिला सुरक्षा और ऑनलाइन उत्पीड़न पर विशेष सत्र
कार्यशाला में खुशबू कुमारी ने महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता पर विशेष सत्र लिया. उन्होंने शी-बॉक्स, पॉक्सो, स्टॉपएनसीआईआई और ऑनलाइन उत्पीड़न की स्थिति में उपलब्ध शिकायत तंत्र के बारे में जानकारी दी.
विद्यार्थियों को बताया गया कि ऑनलाइन उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में उपलब्ध कानूनी और शिकायत तंत्र का समय पर इस्तेमाल करना जरूरी है.
प्राचार्य ने साइबर और कानूनी जागरूकता को बताया जरूरी
मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) नवनीत कुमार ने कहा कि डिजिटल युग में तकनीकी शिक्षा के साथ साइबर सुरक्षा और कानूनी जागरूकता भी जरूरी है.
उन्होंने विद्यार्थियों से खुद सतर्क रहने के साथ परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की. मौके पर प्रत्युष कुमार विक्की, सहायक प्राध्यापक रवि कुमार समेत अन्य शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी के केसरिया में 4734 आवास अधूरे, बीडीओ ने एक महीने की डेडलाइन दी, हर सप्ताह होगी समीक्षा
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए