मोतिहारी के केसरिया में 4734 आवास अधूरे, बीडीओ ने एक महीने की डेडलाइन दी, हर सप्ताह होगी समीक्षा
आवास सहायकाें के साथ बैठक करते बीडीओ
मोतिहारी के केसरिया में आवास योजना के तहत 4734 घर अधूरे पाए गए हैं. बीडीओ ने सभी आवास सहायकों को एक महीने के भीतर इन निर्माणों को पूरा करने का अल्टीमेटम दिया है. साथ ही, भुगतान की प्रक्रिया को तेज करने और लाभुकों की समस्याओं का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं.
Motihari News: केसरिया. आवास योजना से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर मंगलवार को बीडीओ कुमार ने कार्यालय कक्ष में आवास सहायकों के साथ बैठक की. वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में स्वीकृत आवास योजनाओं की समीक्षा के दौरान प्रखंड क्षेत्र में कुल 4734 आवास अधूरे पाये गये. बीडीओ ने सभी आवास सहायकों को निर्देश दिया कि एक महीने के अंदर सभी अधूरे आवास हर हाल में पूर्ण कराये जाएं.
4734 अधूरे आवास को एक महीने में पूरा कराने का निर्देश
समीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में आवास अधूरे मिलने पर बीडीओ ने आवास सहायकों को समयबद्ध तरीके से काम कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि लंबित प्रक्रियाओं को अविलंब पूरा किया जाए और लाभुकों से समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य में तेजी लायी जाए.
अधिकारियों को क्षेत्र में जाकर निर्माणाधीन आवासों की स्थिति की निगरानी करने और अधूरे आवासों को जल्द पूरा कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया.
दूसरी और तीसरी किस्त का भुगतान जल्द कराने पर जोर
बैठक में उन लाभुकों के भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की गयी, जिन्हें आवास योजना की दूसरी अथवा तीसरी किस्त की राशि अब तक नहीं मिली है. बीडीओ ने संबंधित कर्मियों को भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने का निर्देश दिया, ताकि राशि के अभाव में आवास निर्माण का काम बाधित न हो.
उन्होंने लाभुकों की समस्याओं को समय पर सुनने और उसके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा.
अब हर सप्ताह होगी आवास योजना की समीक्षा
बीडीओ कुमार ने स्पष्ट किया कि आवास योजना की प्रगति की अब प्रत्येक सप्ताह समीक्षा की जाएगी. समीक्षा के दौरान अधूरे आवासों की संख्या, निर्माण की प्रगति और लाभुकों को मिलने वाली किस्त समेत विभिन्न बिंदुओं की जानकारी ली जाएगी.
इससे निर्माण कार्य में होने वाली देरी की नियमित निगरानी करने और समस्याओं का समय पर समाधान करने में मदद मिलेगी.
पूर्वी सुंदरापुर और ढेकहां के आवास सहायक से स्पष्टीकरण
समीक्षा के दौरान पूर्वी सुंदरापुर एवं ढेकहां के आवास सहायक वीरेंद्र सहवाग का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया. बैठक में उनके लगातार अनुपस्थित रहने और कार्य में लापरवाही बरतने की बात सामने आयी.
इसको लेकर बीडीओ ने उनसे स्पष्टीकरण की मांग की है. संबंधित कर्मी से कार्य में लापरवाही और अनुपस्थिति के संबंध में जवाब देने को कहा गया है.
लापरवाही बर्दाश्त नहीं, क्षेत्र में जाकर निगरानी का निर्देश
बीडीओ ने कहा कि आवास योजना सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल है. इसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. आवास सहायकों को नियमित रूप से क्षेत्र में जाकर निर्माण कार्यों की स्थिति देखने और लाभुकों की समस्याओं का त्वरित समाधान कराने का निर्देश दिया गया.
बैठक में आवास सहायक सुधीर प्रियदर्शी, तुलिका कुमारी, अनिल कुमार, अरविंद पाठक, साकेत राज, विजय कुमार वर्मा सहित अन्य कर्मी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: ऑनलाइन बुकिंग के बाद भी खाली हाथ लौट रहे किसान, यूरिया के लिए दुकान-दुकान भटकने की मजबूरी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए