CM सम्राट चौधरी ने मोतिहारी को दी 285 करोड़ की सौगात, तारामंडल, मोतीझील, पुल-सड़क समेत कई बड़े ऐलान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मोतिहारी दौरे पर जिलेवासियों को 285 करोड़ रुपये की 145 विकास परियोजनाओं की सौगात दी. इसमें तारामंडल, मोतीझील सुंदरीकरण, नए पुल और सड़कों का शिलान्यास व उद्घाटन शामिल है.
Bapudham Mahotsav Motihari: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मोतिहारी दौरे के दौरान जिलेवासियों को करीब 284.99 करोड़ रुपये की 145 विकास योजनाओं की सौगात दी. इनमें करीब 55 योजनाओं का उद्घाटन और कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है. ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित बापूधाम मोतिहारी महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इसी अवसर पर तीन दिवसीय बापूधाम मोतिहारी महोत्सव का भी आधिकारिक उद्घाटन हुआ.
आपके शहर में
तारामंडल और मोतीझील विकास परियोजना को मिली रफ्तार
मोतिहारी शहर के समीप अत्याधुनिक तारामंडल का शिलान्यास किया गया. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और खगोलीय विषयों के प्रति रुचि बढ़ाना है.
वहीं ऐतिहासिक मोतीझील के सुंदरीकरण, मरीन ड्राइव निर्माण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी गई.
हरदिया पुल का उद्घाटन, धनौती नदी पर नए पुल का शिलान्यास
मजुराहां के पास लंबे समय से प्रतीक्षित हरदिया पुल का विधिवत उद्घाटन कर इसे आम जनता को समर्पित किया गया. इससे क्षेत्र में आवागमन बेहतर होने की उम्मीद है.
रघुनाथपुर स्थित एसपी सिंह स्कूल के समीप धनौती नदी पर नए पुल के निर्माण की आधारशिला भी रखी गई. इससे आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होने की संभावना है.
सड़क चौड़ीकरण और पुल मार्ग परियोजनाओं की शुरुआत
रघुनाथपुर से बालगंगा सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया. इसके अलावा तुरकौलिया-रघुनाथपुर-कमलपुर-बलुआ पुल मार्ग के निर्माण की आधारशिला भी रखी गई.
इन परियोजनाओं से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन को सुगम बनाने तथा यातायात दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
नगर निगम की 78 योजनाओं पर 43 करोड़ रुपये खर्च
नगर निगम क्षेत्र के कायाकल्प के लिए करीब 43 करोड़ रुपये की लागत से कुल 78 योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया गया. इन योजनाओं में जल निकासी, नाला निर्माण, सार्वजनिक स्थलों के सुंदरीकरण, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं का विस्तार शामिल है.
जल निकासी और नागरिक सुविधाओं पर भी जोर
शहर के विभिन्न वार्डों में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नए नालों के निर्माण की योजनाओं का शिलान्यास किया गया. इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाइट और मूलभूत शहरी सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी योजनाओं को भी गति दी गई.
किसानों और उद्यमियों के लिए लगा करीब 200 स्टॉल का मेला
महात्मा गांधी प्रेक्षागृह स्थित बापू सभागार में किसानों और उद्यमियों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से करीब 200 स्टॉल वाले मेले की शुरुआत की गई. मेले में कृषि, तकनीक और उद्यमिता से जुड़ी जानकारी एवं उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: मिड डे मील में छिपकली मिलने पर हड़कंप, बच्चों की जांच में फूड पॉइजनिंग के लक्षण नहीं, एजेंसी पर उठे सवाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए