मोतिहारी के स्कूल में बड़ा खेल? रजिस्टर में 384 बच्चे, मौके पर मिले सिर्फ 105, जांच के आदेश

Updated:
विज्ञापन

स्कूल में जांच करती प्रमुख | Prabhat Khabar Network

कोटवा के बरवा पकड़ी स्कूल में निरीक्षण के दौरान उपस्थिति को लेकर बड़ा अंतर सामने आया. रजिस्टर में 384 विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज थी, जबकि मौके पर सिर्फ 105 बच्चे मिले. स्कूल के अभिलेख और विकास मद की राशि भी जांच के घेरे में है.

विज्ञापन

मोतिहारी न्यूज: कोटवा के महरानी भोपत पंचायत के बरवा पकड़ी उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय में प्रखंड प्रमुख विभा देवी के निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आयी हैं. निरीक्षण के बाद तैयार हस्तलिखित रिपोर्ट में बच्चों की उपस्थिति, स्कूल के अभिलेख, पीएम पोषण योजना और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठाये गये हैं. सबसे बड़ा अंतर विद्यार्थियों की उपस्थिति में सामने आया, जहां रजिस्टर में 384 बच्चे दर्ज थे, जबकि मौके पर सिर्फ 105 विद्यार्थी उपस्थित मिले.

आपके शहर में

विज्ञापन

रजिस्टर और हकीकत में बड़ा अंतर

निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी में 384 विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज मिली. वहीं विद्यालय में भौतिक रूप से महज 105 बच्चे ही मौजूद थे. रिपोर्ट में पिछले तीन दिनों की औसत उपस्थिति भी कम रहने की बात दर्ज की गयी है. इतनी बड़ी संख्या में उपस्थिति के अंतर को लेकर विद्यालय की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

जरूरी अभिलेख भी नहीं मिले

प्रमुख के निरीक्षण के दौरान कुछ जरूरी अभिलेख प्रस्तुत नहीं किये गये. वहीं एक शिक्षक बिना सूचना के अनुपस्थित मिले. उनकी उपस्थिति पंजी में दर्ज स्थिति को लेकर भी स्पष्टता नहीं मिल सकी. इससे विद्यालय में अभिलेखों के संधारण और कर्मचारियों की उपस्थिति व्यवस्था पर सवाल उठे हैं.

पीएम पोषण योजना और सफाई व्यवस्था पर भी सवाल

निरीक्षण रिपोर्ट में पीएम पोषण योजना से जुड़ी व्यवस्था के साथ विद्यालय की साफ-सफाई की स्थिति पर भी सवाल उठाये गये हैं. ग्रामीणों ने भी प्रमुख को विद्यालय में लंबे समय से चली आ रही व्यवस्थागत समस्याओं की जानकारी दी.

विद्यालय विकास एवं शिक्षा मद की राशि के उपयोग को लेकर भी शिकायतें सामने आयी हैं. निरीक्षण रिपोर्ट में इस मामले की जांच की आवश्यकता जतायी गयी है.

शिक्षा विभाग को कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा

प्रखंड प्रमुख विभा देवी ने बताया कि विद्यालय में निरीक्षण के दौरान काफी गड़बड़ियां सामने आयी हैं. उन्होंने कहा कि पूरे मामले को लेकर शिक्षा विभाग को कार्रवाई के लिए लिखा जा रहा है. साथ ही, यदि राशि के उपयोग में अनियमितता मिलती है तो उसकी रिकवरी की कार्रवाई भी की जाएगी.

निरीक्षण के दौरान सामने आये तथ्यों के आधार पर अब शिक्षा विभाग की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी.

यह भी पढे़ं:

मोतिहारी के 5,598 आंगनबाड़ी केंद्रों का बदलेगा हाल, भवनविहीन केंद्रों के लिए जमीन खोजने का निर्देश


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन