मोतिहारी: सील गोदाम में 780 की जगह मिली सिर्फ 80 बोरी यूरिया, 700 बोरी गायब
यूरिया उर्वरक की प्रतीकात्मक तस्वीर
मोतिहारी में एक सील किए गए उर्वरक गोदाम से 700 बोरी यूरिया गायब पाई गई है. प्रशासन द्वारा की गई छापेमारी में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. मामले में गोदाम संचालक सहित अन्य पर प्राथमिकी दर्ज की गई है.
मोतिहारी: बंजरिया थाना क्षेत्र के पकड़िया चौक के पास प्रशासन द्वारा सील किये गये एक उर्वरक गोदाम की राजकीय सील तोड़कर खाद की हेराफेरी का मामला सामने आया है. कृषि विभाग की छापेमारी में गोदाम से 700 बोरी यूरिया गायब मिली, जबकि मौके से बिना वैध कागजात के बड़ी मात्रा में यूरिया भी बरामद की गयी. मामले में उर्वरक निरीक्षक सह कृषि समन्वयक अजीत कुमार पांडे के लिखित आवेदन पर बंजरिया थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
आपके शहर में
सील गोदाम में 780 की जगह मिली सिर्फ 80 बोरी यूरिया
मिली जानकारी के अनुसार, 2 सितंबर को बंजरिया थानाध्यक्ष अमित कुमार, सदर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सुरेश प्रसाद और उर्वरक निरीक्षक दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान अधिकारियों को कई चौंकाने वाले तथ्य मिले.
मनोकामना फर्टिलाइजर्स नामक गोदाम को पूर्व में कथित अवैध गतिविधियों के चलते प्रशासन ने विधिवत सील किया था. निरीक्षण के दौरान गोदाम की सरकारी सील टूटी हुई मिली.
पूर्व की कार्रवाई में गोदाम से 780 बोरी एनएफएल यूरिया, 25 बोरी कैल्शियम और 30 बोरी सल्फर जब्त कर गोदाम को सील किया गया था. वर्तमान भौतिक सत्यापन में गोदाम के अंदर मात्र 80 बोरी यूरिया मिली. इस तरह पूर्व में सील की गयी 700 बोरी यूरिया का कोई पता नहीं चला.
ट्रक से 500 और गोदाम से 250 बोरी यूरिया बरामद
जांच के दौरान अधिकारियों ने गोदाम के बाहर खड़े एक ट्रक की तलाशी ली. ट्रक से करीब 500 बोरी आईपीएल यूरिया बरामद हुई. वहीं गोदाम के अंदर से भी 250 बोरी आईपीएल यूरिया मिली.
अधिकारियों के अनुसार, बरामद यूरिया के संबंध में मौके पर कोई वैध कागजात या चालान प्रस्तुत नहीं किया गया. इस तरह कुल 750 बोरी आईपीएल यूरिया बिना वैध दस्तावेज के बरामद की गयी.
गोदाम संचालक ने दिया खाद खराब होने का तर्क
मौके पर अधिकारियों ने गोदाम संचालक अंबिका साह से पूछताछ की. पूछताछ में उसने बताया कि गोदाम का किराया अधिक होने और खाद के खराब होने की आशंका के कारण वह इसे वहां से हटाने की कोशिश कर रहा था.
हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी के आदेश के बिना सरकारी सील तोड़ना और सील की गयी संपत्ति से छेड़छाड़ करना गंभीर मामला है. खाद के अवैध भंडारण, बिक्री या परिवहन से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
गोदाम मालिक समेत ट्रक चालक और मालिक पर प्राथमिकी
बंजरिया थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि उर्वरक निरीक्षक के लिखित आवेदन के आधार पर गोदाम संचालक अंबिका साह के अलावा संबंधित ट्रक के चालक और मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की गयी है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सील किये गये गोदाम से गायब हुई यूरिया कहां गयी और बिना कागजात बरामद खाद की खेप कहां से लायी गयी थी.
यह भी पढ़ें
दरभंगा: पटना हाइकोर्ट की बेंच समेत कई मांगों को लेकर राज्यपाल से मिले सांसद गोपालजी ठाकुर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए