मोतिहारी: संसद खेल महोत्सव शुरू, 8 अक्टूबर तक तलवारबाजी, कुश्ती, कबड्डी समेत कई खेलों में होगी प्रतियोगिता
खिलाड़ियों के साथ सांसद राधामोहन सिंह व अन्य | Prabhat Khabar Network
पूर्वी चंपारण में युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सांसद खेल महोत्सव का उद्घाटन हुआ है. यह आयोजन 8 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें तलवारबाजी, कुश्ती, कबड्डी जैसे कई खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी.
मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले के युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को संसद खेल महोत्सव का उद्घाटन हुआ. सांसद राधा मोहन सिंह ने तलवारबाजी खेल स्पर्धा का औपचारिक उद्घाटन किया और खिलाड़ियों का मैच शुरू कराकर उनका उत्साहवर्धन किया.
आपके शहर में
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद राधा मोहन सिंह ने युवाओं और खेल के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि युवाओं के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के निर्माण की मजबूत नींव है.
उन्होंने कहा कि संसद खेल महोत्सव का उद्देश्य गांव और कस्बों से निकलने वाली ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना है. तलवारबाजी जैसे साहसिक खेल में खिलाड़ियों का उत्साह देखकर विश्वास है कि क्षेत्र के युवा आने वाले समय में देश का नाम रोशन करेंगे.
सांसद ने क्षेत्र में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार, आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और खिलाड़ियों को हर संभव प्रोत्साहन देने की प्रतिबद्धता भी दोहरायी.
8 अक्टूबर तक चलेंगी प्रतियोगिताएं
संसद खेल महोत्सव में सैकड़ों स्थानीय खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. यह आयोजन 8 अक्टूबर तक चलेगा. इस दौरान कई खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी.
महोत्सव में तलवारबाजी, कैरम, शतरंज, कुश्ती, थांग-टा, वुशु, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, जूडो, कबड्डी, एथलेटिक्स, भारोत्तोलन और साइकिलिंग जैसी खेल विधाएं शामिल हैं.
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा खेल मंच
आयोजकों के अनुसार, संसद खेल महोत्सव के जरिए ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में मौजूद खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच देने का प्रयास किया जा रहा है. विभिन्न खेलों में स्थानीय खिलाड़ियों की भागीदारी से उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा.
उद्घाटन समारोह में ये रहे मौजूद
समारोह में नगर निगम के उप महापौर लालबाबू प्रसाद गुप्ता, जिला खेल पदाधिकारी विकास कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना), शिक्षा विभाग, समाजसेवी राकेश सिंह और रोचक झा सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, शारीरिक शिक्षा शिक्षक, तलवारबाजी के तकनीकी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें
मोतिहारी: रामगढ़वा में स्विफ्ट डिजायर से 15 किलो गांजा बरामद, तस्कर गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए