बासोपट्टी: मटकोर कार्यक्रम में हथियार लहराने और फायरिंग का वीडियो वायरल, युवक गिरफ्तार
बासोपट्टी पुलिस हिरासत में गिरफ्तार व्यक्ति | Prabhat Khabar Network
बासोपट्टी में एक शादी समारोह के दौरान युवक द्वारा अवैध हथियार लहराने और फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. पुलिस ने इस वायरल वीडियो के आधार पर तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
Basopatti News: थाना क्षेत्र में शादी के मटकोर कार्यक्रम के दौरान अवैध हथियार के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करना एक युवक को महंगा पड़ गया. वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
वायरल वीडियो से हुई पहचान
थानाध्यक्ष कार्तिक भगत ने बताया कि पुलिस को एक वीडियो मिला था, जिसमें एक युवक शादी समारोह के दौरान हाथ में कथित अवैध हथियार लेकर फायरिंग करता दिखाई दे रहा था. वीडियो की जांच के दौरान युवक की पहचान थाना क्षेत्र के हत्थापुर परसा पूर्वी टोल निवासी अजय कुमार मंडल के रूप में हुई.
पुलिस के अनुसार, जांच में यह सामने आया कि युवक ने मटकोर कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर वर्चस्व दिखाने और लोगों में भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से हथियार के साथ वीडियो बनाया था.
छापेमारी कर युवक को किया गिरफ्तार
थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने युवक के घर की घेराबंदी कर छापेमारी की. इस दौरान वह घर की छत पर सोया मिला, जहां से उसे हिरासत में लिया गया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया.
पूछताछ में हथियार रखने की बात स्वीकार करने का दावा
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान युवक ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे हथियार के संबंध में जानकारी दी और कथित रूप से स्वीकार किया कि हथियार नेपाल से लाया गया था तथा शादी-विवाह जैसे आयोजनों में उसका उपयोग वर्चस्व दिखाने और लोगों को डराने-धमकाने के लिए किया जाता था. पुलिस ने इस दावे की जांच शुरू कर दी है.
थानाध्यक्ष कार्तिक भगत ने कहा कि बिना वैध अनुज्ञप्ति के अवैध हथियार रखना, उसका उपयोग करना, हर्ष फायरिंग करना तथा हथियार के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करना संज्ञेय अपराध है. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए