विक्की मेहता हत्याकांड का खुलासा, 48 घंटे के भीतर चार गिरफ्तार
प्रेस वार्ता करते पुलिस अधीक्षक, मधेपुरा | Prabhat Khabar Network
मधेपुरा में मुखिया के देवर विक्की मेहता की हत्या के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा किया है. एसआइटी ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं. पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और वर्चस्व की बात सामने आई है.
विक्की मेहता हत्याकांड: मधेपुरा के पुरैनी थाना क्षेत्र के नया टोला चौक पर 14 सितंबर की रात विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता (35) की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. घटना के 48 घंटे के भीतर एसआइटी ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं.
मृतक नरदह पंचायत की मुखिया रीता देवी के देवर थे. घटना के बाद मुखिया के फर्द बयान पर पुरैनी थाना में कांड संख्या 239/26 दर्ज किया गया था. हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं में दर्ज प्राथमिकी में अज्ञात आरोपियों को नामजद किया गया था.
12 सदस्यीय एसआइटी ने की छापेमारी
हत्याकांड के त्वरित उद्भेदन के लिए मधेपुरा एसपी के निर्देश पर उदाकिशुनगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में 12 सदस्यीय एसआइटी गठित की गयी थी. पुलिस के अनुसार, टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की. इसी कार्रवाई में 16 सितंबर को चार लोगों को गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों में पुरैनी थाना क्षेत्र के बघरा वार्ड संख्या 12 निवासी ललन कुमार उर्फ शेठु (21), चौसा थाना क्षेत्र के रसलपुर धुरिया वार्ड संख्या सात निवासी नीतीश कुमार (20), पुरैनी के नया टोला वार्ड संख्या 11 निवासी श्रीधर मंडल (55) और पूर्णिया जिले के रघुवंशनगर थाना क्षेत्र के मोजमपट्टी वार्ड संख्या 11 निवासी अखिलेश कुमार यादव (40) शामिल हैं.
पुरानी रंजिश और वर्चस्व की बात
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने विक्की मेहता की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी वर्चस्व और मृतक के बढ़ते प्रभाव से जुड़े विवाद की बात सामने आयी है. हालांकि, मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
हथियार और कारतूस बरामद होने के बाद इनके संबंध में अलग से प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी कर रही है.
अखिलेश पर पहले से दर्ज हैं चार मामले
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार अखिलेश कुमार यादव का पूर्णिया जिले के रघुवंशनगर थाना में पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं.
कार्रवाई में उदाकिशुनगंज, पुरैनी और चौसा थाना पुलिस के अलावा पुलिस अंचल निरीक्षक, तकनीकी शाखा और एसटीएफ-12 की टीम के अधिकारी व जवान शामिल रहे. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढे़ं:
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए