Madhubani: तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर शिक्षकों का डीईओ कार्यालय के सामने धरना, आंदोलन की चेतावनी
अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते शिक्षक | Prabhat Khabar Network
मधुबनी में नियोजित शिक्षकों ने तीन महीने से वेतन भुगतान में देरी को लेकर डीईओ कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया. लंबित वेतन, एरियर भुगतान और प्रोन्नति की मांगें उठाई गईं, साथ ही 5 सितंबर के बाद अनिश्चितकालीन अनशन की चेतावनी दी गई.
Madhubani Teachers Protest: बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष संजीव कुमार कामत के नेतृत्व में शिक्षकों ने बकाया वेतन, एरियर भुगतान और प्रोन्नति समेत विभिन्न मांगों को लेकर डीईओ कार्यालय के समक्ष आक्रोशपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया. जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में शिक्षक पहले वाटसन हाई स्कूल परिसर में जुटे. इसके बाद हाथों में बैनर और तिरंगा लेकर नारेबाजी करते हुए डीपीओ स्थापना कार्यालय पहुंचे, जहां जुलूस धरना में बदल गया.
आपके शहर में
तीन माह से वेतन नहीं मिलने का आरोप
धरना को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष संजीव कुमार कामत ने कहा कि नियोजित शिक्षकों को समय पर वेतन नहीं मिलना गंभीर समस्या बन गया है. उन्होंने दावा किया कि राज्य के नियोजित शिक्षकों को पिछले तीन माह से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है.
उन्होंने कहा कि वेतन नहीं मिलने के कारण शिक्षक और उनके परिवार आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं. संघ ने लंबित वेतन का अविलंब भुगतान करने की मांग की.
बकाया वेतन-एरियर और प्रोन्नति की मांग
शिक्षकों ने बकाया वेतन एवं एरियर का भुगतान, कालबद्ध प्रोन्नति तथा स्नातक ग्रेड और प्रधानाध्यापक ग्रेड में प्रोन्नति का लाभ देने की मांग की.
प्रधान सचिव अवधेश कुमार झा ने कहा कि दो दशकों से अधिक की सेवा पूरी करने के बावजूद नियोजित शिक्षकों को कालबद्ध प्रोन्नति का लाभ नहीं मिल रहा है. उन्होंने सरकार और शिक्षा विभाग से शिक्षकों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की.
5 सितंबर के बाद अनिश्चितकालीन अनशन की चेतावनी
जिला अध्यक्ष संजीव कुमार कामत ने चेतावनी दी कि यदि लंबित वेतन का जल्द भुगतान नहीं किया गया तो शिक्षक दिवस यानी 5 सितंबर के बाद सैकड़ों शिक्षक डीईओ कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करने को बाध्य होंगे. शिक्षकों की मांगों पर समय रहते सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
बड़ी संख्या में शिक्षक हुए शामिल
धरना-प्रदर्शन में राकेश कुमार चौधरी, लीलाधर पासवान, मो. मुर्तजा, मो. नूर आलम, खालिद अंजुम, सतीश चंद्र प्रसाद, सुरेंद्र कुमार यादव, हीरा प्रसाद यादव, मो. मकसूद आलम, देव नारायण यादव, कमलेश कुमार, प्रभाष चौधरी, रेखा कुमारी, नूतन कुमारी, रंजना कुमारी, पार्वती कुमारी, संजू कुमारी, रविंद्र कुमार मिश्र, परमेश्वर यादव, कामोद साफी, मो. मोजिबूर्रहमान, सुनील कुमार ठाकुर, कौसर अली, राजेश कुमार, श्रीराम मंडल, किशोर साफी, सुरेश कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें
Madhubani News: हरलाखी में 1 किलो 935 ग्राम चरस जैसा मादक पदार्थ बरामद, तस्कर गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए