मधुबनी: जमीन पर बैठकर DM आनंद शर्मा ने सुनी लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश
सहयोग शिविर में लोगों की समस्या सुनते डीएम व एसएसपी | Prabhat Khabar Network
मधुबनी में आयोजित सहयोग शिविर में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने आमजनों की समस्याओं को सीधे सुना और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए. शिविर में 115 में से 71 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली.
मधुबनी: आमजनों की समस्याओं को उनके बीच पहुंचकर सुनने और उनका त्वरित समाधान करने की पहल के तहत फुलपरास प्रखंड की धनौजा पंचायत सरकार भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार शामिल हुए. इस दौरान डीएम ने आमजनों के बीच जमीन पर बैठकर सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं.
आपके शहर में
जमीन पर बैठकर लोगों से किया सीधा संवाद
सहयोग शिविर में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने आम लोगों की समस्याओं और आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना. उन्होंने शिविर में प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये.
डीएम ने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. प्रशासनिक व्यवस्था तभी प्रभावी मानी जायेगी, जब आम लोगों को अपनी बात रखने के लिए सहज और सुलभ मंच उपलब्ध हो.
धनौजा में 45 में 30 आवेदनों का ऑन-स्पॉट निष्पादन
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, धनौजा सहयोग शिविर में 31 अगस्त तक कुल पांच आवेदन प्राप्त हुए थे और सभी पांच आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका था.
वहीं, 1 सितंबर को आयोजित शिविर में कुल 45 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 30 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया.
कालापट्टी में 70 में 41 मामलों का समाधान
कालापट्टी शिविर में 31 अगस्त तक कुल 12 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 10 का निष्पादन किया जा चुका था.
1 सितंबर को कालापट्टी में आयोजित सहयोग शिविर में कुल 70 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से 41 आवेदनों का ऑन-स्पॉट निष्पादन किया गया.
इस तरह 1 सितंबर को धनौजा और कालापट्टी के दोनों शिविरों में कुल 115 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 71 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया. शेष आवेदनों के भी नियमानुसार त्वरित निष्पादन का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया.
एसएसपी ने भी सुनी लोगों की समस्याएं
वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने भी शिविर में उपस्थित लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये.
डीएम ने कहा कि सहयोग शिविर के माध्यम से प्रशासन को सीधे जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. इसका उद्देश्य लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सहज मंच उपलब्ध कराना है.
शिविर में अनुमंडल पदाधिकारी, फुलपरास, सिविल सर्जन हरेंद्र कुमार, आपूर्ति पदाधिकारी कुमार दीपक, पशुपालन पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें
मधुबनी: सरकारी स्कूल में चोरों का धावा, एक साथ 17 सीलिंग फैन खोलकर ले गये; आरोपियों की पहचान का दावा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए