रांटी में ‘लोकला तत्व’ ब्रांड का शुभारंभ, मंत्री लेशी सिंह ने मिथिला की कला को बताया गौरव
लोकला तत्व का शुभारंभ करती मंत्री लेशी सिंह | Prabhat Khabar Network
मधुबनी के रांटी गांव में मंत्री लेशी सिंह ने 'लोकला तत्व' का शुभारंभ किया. यह ब्रांड मिथिला की समृद्ध कला और सांस्कृतिक विरासत को समकालीन डिजाइन के माध्यम से बढ़ावा देगा.
मधुबनी: जिले के रांटी गांव में सोमवार को लोकला फैशन प्रा. लि. के अंतर्गत विकसित कला एवं डिजाइन ब्रांड ‘लोकला तत्व’ का शुभारंभ भवन निर्माण सह जिला प्रभारी मंत्री लेशी सिंह ने किया. इस अवसर पर उन्होंने लोकला तत्व की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं और मिथिला की कला एवं कलाकारों की प्रतिभा की सराहना की.
मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि रांटी सहित समस्त मिथिला के कलाकारों की अद्भुत प्रतिभा हमेशा गौरव का विषय रही है. मधुबनी की जिला प्रभारी मंत्री होने के नाते उनका यहां की कला और कलाकारों से निरंतर परिचय होता रहता है. उन्होंने लोकला तत्व के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए टीम को शुभाशीष दिया और इस पहल के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया.
उन्होंने कहा कि मिथिला की कला और कलाकारों की प्रतिभा को व्यापक मंच मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है.
भारतीय कला और शिल्प को समकालीन डिजाइन से जोड़ने की पहल
लोकला तत्व का उद्देश्य भारतीय कला, शिल्प और डिजाइन की समृद्ध परंपराओं को समकालीन संदर्भों में प्रस्तुत करना है. इसके माध्यम से कलाकारों, शिल्पकारों और स्थानीय समुदायों के लिए नए अवसर सृजित करने की दिशा में काम किया जाएगा.
यह पहल कला, डिजाइन, संस्कृति और उद्यमिता के बीच एक सार्थक सेतु स्थापित करने का प्रयास है.
भारतीय दर्शन और सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित है ब्रांड
लोकला तत्व की संस्थापिका केमी कुमारी ने कहा कि ‘लोकला’ में ‘तत्व’ का जुड़ाव समृद्ध भारतीय दार्शनिक परंपरा को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि लोकला तत्व केवल उत्पाद बनाने वाला ब्रांड नहीं है, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विरासत, कला और जीवन दृष्टि को समकालीन डिजाइन के माध्यम से अभिव्यक्त करने का प्रयास है.
उन्होंने क्रिएटिव विजनरी अविनाश कर्ण और प्रोडक्ट क्रिएटिव डायरेक्टर स्वाति स्नेहा के कला एवं डिजाइन क्षेत्र के व्यापक अनुभव और सहयोग के लिए आभार जताया. उन्होंने बताया कि स्टूडियो ऑपरेशन मैनेजर सुमन राज के अथक प्रयासों से लोकला तत्व के कार्यान्वयन की शुरुआत संभव हो सकी.
कलाकारों के द्वारा, कलाकारों के लिए पहल
उद्घाटन समारोह का संचालन करते हुए सुप्रसिद्ध कलाकार शांतनु दास ने लोकला तत्व की पहल की सराहना की. उन्होंने इसे कलाकारों के द्वारा और कलाकारों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया.
उन्होंने कहा कि कला को नयी उड़ान और नया मुकाम देने के लिए ऐसी पहल जरूरी है. मिथिला की कला और संस्कृति के लिए नयी ऊर्जा और नयी सोच आवश्यक है. लोकला तत्व इसी आवश्यकता को पूरा करने का माध्यम बनेगा. इसमें कला, कलाकार और कम्युनिटी तीनों का हित शामिल है.
रोजगार और पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर
लोकला तत्व के क्रिएटिव विजनरी अविनाश कर्ण ने बताया कि संस्थापिका केमी कुमारी ने वर्ष 2021 में इस विचार के साथ लोकला की स्थापना की थी कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी पारंपरिक कला के साथ आगे बढ़ने के अवसर मिलें.
उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर माताओं और बहनों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना और पर्यावरण अनुकूल उत्पादों के माध्यम से कला में रीसाइक्लिंग को प्रोत्साहित करना भी पहल के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है.
उच्च गुणवत्ता और अर्थपूर्ण डिजाइन पर जोर
प्रोडक्ट क्रिएटिव डायरेक्टर स्वाति स्नेहा ने कहा कि संस्थापिका केमी कुमारी अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सदैव विचारशील रही हैं. उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतर पाना उनके लिए गर्व की बात है.
उन्होंने कहा कि लोकला तत्व की टीम ऐसे उत्पादों और डिजाइनों पर काम कर रही है, जिनमें सौंदर्य, उपयोगिता, सांस्कृतिक गहराई और समकालीन दृष्टि का संतुलन हो. इससे स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों के लिए नये अवसर पैदा होने की काफी संभावना है.
कार्यक्रम में कलाकार अंजुला दत्त, विभा दास, चंदना दत्त, वंदना कर्ण, शमीमा शेख, रहमती खातून, रुकैया, पुष्पक कुमार सहित परिवारजन और अन्य आमंत्रित अतिथि मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें
Madhubani Land Registry: 29 दिन से कातिबों का कार्य बहिष्कार, रजिस्ट्री 10-15 दस्तावेज तक सिमटी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए