रहिका में पुलिस टीम पर हमले और बाइक लूटकांड का खुलासा, 5 अपराधी गिरफ्तार

प्रेस को जानकारी देते एसपी योगेंद्र कुमार,डीएसपी सदर वन अमित कुमार व अन्य | Prabhat Khabar Network
रहिका थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हुए हमले और बाइक लूट की घटना का मधुबनी पुलिस ने सफल खुलासा किया है. इस मामले में 5 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. उनके पास से हथियार, ब्राउन शुगर और लूटी गई पुलिसकर्मी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है.
Madhubani News: रहिका थाना क्षेत्र में 16 जुलाई की रात पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले और पुलिसकर्मी की बाइक लूटकांड का मधुबनी पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है. विशेष अभियान चलाकर पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से एक देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, करीब 40 ग्राम ब्राउन शुगर, चार मोबाइल फोन तथा लूटी गई पुलिसकर्मी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है. मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. इसकी जानकारी एसपी योगेंद्र कुमार ने सोमवार को प्रेसवार्ता में दी.
Rahika News: पुलिस पर हमले के बाद गठित हुई विशेष टीम
एसपी ने बताया कि 16 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे रहिका थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक रूपक कुमार अपने निजी मोटरसाइकिल से एक चौकीदार के साथ जा रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन्हें रोककर चौकीदार से मोबाइल छीनने का प्रयास किया. विरोध करने पर अपराधियों ने पुलिस पदाधिकारी पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और उनकी मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए. घटना के बाद एसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई.
बसौली बलाट बगीचा से पांच अपराधी गिरफ्तार
तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर 18 जुलाई को बसौली बलाट बगीचा में छापेमारी की गई. वहां दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे पांच अपराधियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया. तलाशी में मनीष कुमार पासवान के पास से देसी पिस्टल और दो कारतूस, कृष्णा कुमार के पास से एक कारतूस तथा अक्षय कुमार के पास से करीब 40 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस टीम पर हमला और बाइक लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. उनकी निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई.
सभी आरोपितों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दरभंगा जिले के रैयाम थाना क्षेत्र के मनीष कुमार पासवान, कृष्णा कुमार, बोबी कुमार चौपाल, अक्षय कुमार तथा मधुबनी जिले के सकरी थाना क्षेत्र के रविशंकर कुमार मंडल के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार सभी के खिलाफ पूर्व से विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली यात्रियों को राहत, लौकहा बाजार-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन का परिचालन फिर शुरू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










