ePaper

जिले में डेंगू व चिकनगुनिया बीमारी फैलने की संभावना

Updated at : 25 Jun 2024 10:46 PM (IST)
विज्ञापन
जिले में डेंगू व चिकनगुनिया बीमारी फैलने की संभावना

बरसात शुरू होने के साथ ही डेंगू व चिकनगुनिया बीमारी फैलने की संभावना बढ़ जाती है. इसको लेकर स्वास्थ विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है.

विज्ञापन

मधुबनी. बरसात शुरू होने के साथ ही डेंगू व चिकनगुनिया बीमारी फैलने की संभावना बढ़ जाती है. इसको लेकर स्वास्थ विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है. जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. डीएस सिंह ने कहा कि डेंगू -चिकनगुनिया से निपटने के विभागीय निर्देश के आलोक में जुलाई माह को एंटी डेंगू माह के रूप में मनाया जाएगा. इस संबंध में सदर अस्पताल के अधीक्षक, अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक सहित सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को डेंगू एवं चिकनगुनिया से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया है. डेंगू एवं चिकनगुनिया नियंत्रण के लिए सदर अस्पताल में 6 बेड, अनुमंडलीय अस्पताल में 4-4 बेड व सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 2-2 बेड डेंगू मरीज के लिए सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया है. सभी बेड को मच्छरदानी युक्त रखने का निर्देश दिया गया है. साथ ही संबंधित मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त मात्रा में दवा की व्यवस्था सभी अस्पतालों में उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है. डेंगू के मरीज की पुष्टि होने पर मरीज के निवास स्थान के 500 मीटर क्षेत्रों में जिला मलेरिया कार्यालय द्वारा टेक्निकल मालाथिऑन से फॉगिंग कराने का निर्देश दिया गया है. साथ ही इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों द्वारा एक्टिव सर्विलांस कराने को कहा गया है. ताकि नए मरीजों की खोज की जा सके. एंटी डेंगू माह के रूप में मनाया जाएगा जुलाई माह वेक्टर नियंत्रण पदाधिकारी राकेश कुमार रंजन ने कहा कि स्वास्थ विभाग जुलाई माह को एंटी डेंगू माह के रूप में मनाने की तैयारी पूरी कर ली है. डेंगू से बचाव के लिए सतर्कता सहित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. लोगों की डेंगू की रोकथाम एवं गतिविधि में सहभागिता ली जाएगी. मच्छर प्रजनन स्थलों को चिह्नित कर मच्छर प्रजनन रोकने के उपाय के बारे में आमलोगों को जागरूक किया जाएगा. पानी की टंकी व घरों के अंदर साफ पानी जमा करने के बर्तनों को ढंककर रखने, दिन में मच्छरों के काटने से बचाव को लेकर व्यक्तिगत सुरक्षा उपाय को अपनाने, विद्यालय में डेंगू पर आधारित कुछ विशेष गतिविधि क्वीज व ड्रॉइंग कंप्टीशन एवं लेख प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. एडीज मच्छर के काटने से होता है डेंगू जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी ने कहा कि डेंगू एडीज मच्छर के काटने से होता है. यह मच्छर दिन में काटता है और स्थिर एवं साफ पानी में पनपता है. तेज बुखार, बदन, सिर एवं जोड़ों में दर्द और आंखों के पीछे दर्द होना डेंगू का प्रारंभिक लक्षण है. इसके अलावे त्वचा पर लाल धब्बे या चकते का निशान, नाक- मसूढ़ों या उल्टी के साथ रक्त स्राव होना एवं काला पैखाना होना डेंगू के लक्षण हैं. इन लक्षणों के साथ यदि तेज बुखार हो तो तत्काल नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर इलाज कराएं. उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को पहले डेंगू हो चुका है तो उसे अधिक सतर्क रहने की जरूरत है. ऐसे व्यक्तियों को डेंगू बुखार की आशंका होने पर सरकारी अस्पताल या फिर डॉक्टर से संपर्क करना चाहिये. दिन में सोते समय भी लगाएं मच्छरदानी डॉ. दयाशंकर सिंह ने कहा कि दिन में भी सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें. साथ ही मच्छर भगाने वाली क्रीम या दवा का प्रयोग दिन में भी करें. पूरे शरीर को ढंकने वाले कपड़े पहनें. घर के सभी कमरों को साफ रखें. टूटे-फूटे बर्तनों, कूलर, एसी, फ्रिज में पानी जमा नहीं होने दें. पानी टंकी और घर के आसपास अन्य जगहों पर भी पानी नहीं जमने दें. घर के आसपास साफ-सफाई का ध्यान रखें और कीटनाशक दवा का इस्तेमाल करें. गमला, फूलदान का पानी हर दूसरे दिन बदल दें. घर के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों पर सतर्कता जरूरी है. मॉल व दुकान चलाने वाले लोग भी खाली जगहों पर रखे डब्बे और कार्टनों में पानी जमा नहीं होने दें. जमे हुए पानी पर मिट्टी का तेल डालें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन