मधुबनी: विशेष अभियान में मधुबनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 68 आरोपी गिरफ्तार

विशेष अभियान के दौरान आरोपी के घर इश्तेहार चिपकाते पुलिसकर्मी
मधुबनी पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 68 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अभियान में 25 वारंट, 3 इश्तेहार और 103 सम्मनों का निष्पादन भी किया गया. पढ़ें पूरी खबर…
मधुबनी से कार्तिक कुमार की रिपोर्ट
Madhubani News: पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर मधुबनी जिले में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 68 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान 25 वारंट, 3 इश्तेहार और 103 सम्मनों का निष्पादन किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में कई गंभीर मामलों के अभियुक्त शामिल हैं.
कई मामलों के आरोपी गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, पुलिस पर हमला और अन्य गंभीर अपराधों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी तथा कुर्की-जब्ती की कार्रवाई को प्राथमिकता देना था.
अभियान के दौरान पुलिस ने 25 वारंटियों को गिरफ्तार किया. इसके अलावा शराब कारोबार से जुड़े 10 आरोपी, एनडीपीएस एक्ट के एक आरोपी, हत्या के एक आरोपी, हत्या के प्रयास के छह आरोपी, महिला उत्पीड़न के एक आरोपी, पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी, पशु क्रूरता अधिनियम के छह आरोपी और शादी की नीयत से अपहरण के एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया.
भारी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस कार्रवाई के दौरान जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 252 लीटर देशी और विदेशी शराब, 105 लीटर डीजल तथा छह मोटरसाइकिल बरामद की गईं.
इसके अलावा अवैध गतिविधियों से जुड़े पशुधन भी जब्त किए गए हैं.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
एसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ जिले में आगे भी इसी तरह विशेष अभियान जारी रहेगा. फरार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने अभियान में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को सक्रियता के साथ कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था और मजबूत की जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










