आर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिग बालिकाओं का शोषण, 40 रेस्क्यू, संचालक समेत 15 गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

गिरफ्तार आरोपी

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मधुबनी पुलिस ने आर्केस्ट्रा के नाम पर नाबालिग बालिकाओं के शोषण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 बालिकाओं को रेस्क्यू किया है. इस मामले में आर्केस्ट्रा संचालक समेत 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

विज्ञापन

मधुबनी: आर्केस्ट्रा के नाम पर नाबालिग बालिकाओं से कथित शोषण एवं अवैध रूप से काम कराने के खिलाफ मधुबनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग), बिहार, पटना एवं मिशन मुक्ति फाउंडेशन के निर्देश पर सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान 40 नाबालिग बालिकाओं को रेस्क्यू किया गया. वहीं, आर्केस्ट्रा संचालक समेत 12 पुरुष और तीन महिला कर्मियों को गिरफ्तार किया गया.

विज्ञापन

वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस उपाधीक्षक, साइबर थाना के नेतृत्व में संबंधित थाना पुलिस, महिला थाना, मानवाधिकार संस्था एवं चाइल्डलाइन टीम की संयुक्त टीम गठित की गयी थी. वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि टीम ने बासोपट्टी, अरेर, बेनीपट्टी, खजौली एवं लौकहा थाना क्षेत्रों सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर संचालित आर्केस्ट्रा टीमों में छापेमारी की.

पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान रेस्क्यू की गयी सभी 40 नाबालिग बालिकाओं को विधिवत महिला थाना, मधुबनी लाया गया है.

फोटो: प्रेस को जानकारी देते एसएसपी योगेंद्र कुमार  फ़ोटो: गिरफ्तार आरोपी  | Prabhat Khabar Network
प्रेस को जानकारी देते एसएसपी योगेंद्र कुमार | Prabhat Khabar Network

संचालक समेत 15 कर्मियों पर प्राथमिकी

पुलिस ने प्रथम दृष्टया नाबालिग बालिकाओं को आर्केस्ट्रा में काम कराने के मामले में संचालक समेत 15 कर्मियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध महिला थाना में कांड संख्या 64/26 दर्ज की गयी है.

पुलिस के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, किशोर न्याय अधिनियम, बंधुआ मजदूरी उन्मूलन अधिनियम एवं पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. गिरफ्तार पुरुष आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं, गिरफ्तार महिला कर्मियों के संबंध में भी विधिसम्मत कार्रवाई की गयी है.

बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत होंगी बालिकाएं

एसएसपी ने बताया कि रेस्क्यू की गयी सभी नाबालिग बालिकाओं को आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया जायेगा. पुलिस एवं संबंधित संस्थाओं की ओर से बालिकाओं की सुरक्षा, संरक्षण एवं आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने की प्रक्रिया जारी है.

12 गिरफ्तार पुरुष आरोपितों के नाम

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में पश्चिमी चंपारण जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के नारनवा निवासी शेख भोला के पुत्र इरफान आलम, चौतरवा थाना क्षेत्र के जैनी टोला निवासी अरुण सिंह के पुत्र राहुल सिंह, बेतिया निवासी बृजेश प्रसाद उर्फ ठग महतो के पुत्र नंदलाल प्रसाद, बेतिया निवासी रधुनी मुखिया के पुत्र अजय कुमार, मधुबनी जिले के हरलाखी थाना क्षेत्र के गंगौर निवासी रामललित यादव के पुत्र श्याम कुमार यादव, पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के हरिंगघाटा थाना क्षेत्र के नगरउखड़ा निवासी दुखाईशिल के पुत्र समरशिल, उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के सेमडोरिया थाना क्षेत्र के परतावल निवासी दिग्विजय शर्मा के पुत्र आयुष शर्मा शामिल हैं.

इसके अलावा मधुबनी के खजौली थाना क्षेत्र के खजौली निवासी तेजनारायण महतो के पुत्र देवचंद्र परनामी, सिवान जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के तक्कीपुर निवासी जलेश्वर राम के पुत्र परमेश्वर राम, मधुबनी के खजौली थाना क्षेत्र के कन्हौली निवासी केवल दास के पुत्र संजन कुमार दास, पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के हरवा थाना क्षेत्र के बसीरहॉट निवासी भूपति मंडल के पुत्र काशीनाथ मंडल तथा मधुबनी के रूद्रपुर थाना क्षेत्र के ठठरी निवासी वासुदेव यादव के पुत्र नंदकिशोर यादव शामिल हैं. इसके अलावा तीन महिला कर्मियों की भी गिरफ्तारी की गयी है.

संयुक्त टीम ने चलाया विशेष अभियान

छापेमारी टीम में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रश्मि कुमारी, पुलिस उपाधीक्षक साइबर थाना अकुर कुमार, एएचटीयू प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार, सीसीटीएनएस प्रभारी पुलिस निरीक्षक अमित कुमार, नगर थाना के पर्यवेक्षी पदाधिकारी पुलिस निरीक्षक शमशाद आलम, महिला थाना अध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक रीना भारती, सहायक अवर निरीक्षक रंजू कुमारी सहित पुलिस केंद्र के पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे.

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से बताया गया कि नाबालिग बच्चों एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार के शोषण, अवैध रोजगार अथवा मानव तस्करी जैसी गतिविधियों में संलिप्त करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.

यह भी पढ़ें

दुर्गा पूजा-दीवाली-छठ पर घर आना होगा मुश्किल! जयनगर से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में राहत, लौटने वाली में 14 नवंबर तक टिकट फुल

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन