मधुबनी के बच्चों के लिए बड़ी खुशखबरी, केंद्रीय विद्यालय के संचालन को मिली हरी झंडी

Updated:
विज्ञापन
madhubani-news-central-vidyalaya-to-start-from-watson-school-campus

मधुबनी विधायक माधव आनंद

Madhubani News: मधुबनी में केंद्रीय विद्यालय के संचालन का रास्ता साफ हो गया है. स्थायी भवन बनने तक वाटसन 10+2 विद्यालय परिसर से केंद्रीय विद्यालय का संचालन किया जाएगा. विधायक माधव आनंद ने इसे विद्यार्थियों के भविष्य के लिए ऐतिहासिक पहल बताया.

विज्ञापन

मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट

Madhubani News: मधुबनी जिले के विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. केंद्रीय विद्यालय के संचालन का मार्ग अब प्रशस्त हो गया है. वाटसन 10+2 विद्यालय की प्रबंधन समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि केंद्रीय विद्यालय के स्थायी भवन के निर्माण तक विद्यालय का संचालन वाटसन 10+2 विद्यालय परिसर से किया जाएगा. इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन समिति ने केंद्रीय विद्यालय संचालन के लिए अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) देने का निर्णय लिया है.

विद्यार्थियों के हित में लिया गया ऐतिहासिक फैसला

प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं मधुबनी विधायक माधव आनंद ने कहा कि यह निर्णय विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, जिले के शैक्षणिक विकास और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. उन्होंने कहा कि शिक्षा सबसे बड़ा निवेश है और यदि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए संस्थागत सहयोग देना पड़े तो यह समाज का नैतिक दायित्व है.

केंद्रीय विद्यालय के लिए उपलब्ध कराई जाएंगी सभी सुविधाएं

विधायक ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय संगठन के मानकों के अनुरूप विद्यालय परिसर में आवश्यक मरम्मत, कक्षाओं का उन्नयन, आधारभूत सुविधाओं का विकास तथा अन्य जरूरी कार्यों को प्रबंधन समिति ने स्वीकृति दे दी है. उद्देश्य है कि केंद्रीय विद्यालय का संचालन बिना किसी बाधा के जल्द शुरू हो सके.

जिला प्रशासन को भेजी गई सूचना

माधव आनंद ने बताया कि इस निर्णय की जानकारी जिलाधिकारी आनंद शर्मा, अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार झा तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी अक्षय कुमार पांडेय को दे दी गई है. साथ ही प्रशासनिक सहयोग का अनुरोध भी किया गया है. उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और केंद्रीय विद्यालय संगठन के समन्वित प्रयास से सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी होंगी.

शिक्षा को बताया विकास की सबसे मजबूत नींव

विधायक ने कहा कि उनका संकल्प है कि मधुबनी का प्रत्येक बच्चा गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा प्राप्त करे. उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है. केंद्रीय विद्यालय की शुरुआत जिले के हजारों विद्यार्थियों और अभिभावकों के वर्षों पुराने सपने को साकार करेगी.

लोगों ने निर्णय का किया स्वागत

विधायक ने वाटसन 10+2 विद्यालय प्रबंधन समिति, जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया. स्थानीय लोगों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि स्थायी भवन बनने तक केंद्रीय विद्यालय का संचालन शुरू होना जिले के विद्यार्थियों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगा.

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन