Madhubani: बहन को ससुराल पहुंचाकर लौट रहे भाई की हादसे में मौत, हाथ में बंधी मिली राखी

Updated:
विज्ञापन

घटना स्थल पर तहकीकात करते एसडीपीओ व थानाध्यक्ष | Prabhat Khabar Network

रक्षाबंधन के अगले दिन एक भाई की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई. वह अपनी बहन को ससुराल छोड़कर लौट रहा था. हाथ में बंधी राखी और पुलिया के नीचे पानी में मिली बाइक ने उसकी पहचान बताई.

विज्ञापन

Madhubani News: झंझारपुर थाना क्षेत्र के एनएच-27 पर चनौरागंज स्थित सनराइज ढाबा के समीप पुलिया के नीचे मिले युवक के शव की पहचान हो गयी है. मृतक अंधराठाढ़ी प्रखंड के मैनी गांव निवासी दुर्गानंद सदाय था. वह अपनी बहन को ससुराल पहुंचाकर बाइक से वापस घर लौट रहा था. हादसे के बाद करीब 20 फीट नीचे पानी में उसकी बाइक के साथ शव मिला. मृतक के दाहिने हाथ में राखी बंधी हुई थी.

आपके शहर में

विज्ञापन

बहन को ससुराल पहुंचाकर लौट रहा था भाई

जानकारी के अनुसार, दुर्गानंद सदाय की बहन अनोखा देवी शुक्रवार को रक्षाबंधन पर अपने मायके मैनी गांव आयी थी. शनिवार को दुर्गानंद अपनी बहन को उसके ससुराल नगर परिषद के वार्ड 12 स्थित बेलाराही पहुंचाने गया था.

बहन को ससुराल पहुंचाने के बाद वह दोपहर करीब 12 बजे नयी अपाचे बाइक से अपने गांव मैनी लौट रहा था. इसी दौरान एनएच-27 पर चनौरागंज स्थित सनराइज ढाबा के समीप पुलिया के पास हादसा हो गया.

20 फीट नीचे पानी में मिली बाइक और शव

1- घटना स्थल पर तहकीकात करते एसडीपीओ सुबोध कुमार व थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह  2- घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीण  | Prabhat Khabar Network
घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीण | Prabhat Khabar Network

शनिवार को ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के दरभंगा से फुलपरास जाने वाले लेन की पुलिया के नीचे करीब 20 फीट गहरे पानी में युवक का शव और नई अपाचे बाइक पड़ी मिली.

स्थानीय लोगों ने दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पुलिया के नीचे शव देखा और पुलिस को सूचना दी. घटनास्थल चनौरागंज पेट्रोल पंप से करीब 500 मीटर पूरब बताया गया है.

सूचना मिलने पर एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा, थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह और सहायक थानाध्यक्ष बिहारी आलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया.

हाथ में बंधी थी राखी, बहन ने की शव की पहचान

मृतक ने काले रंग की पैंट और काले चेकदार शर्ट पहन रखी थी. उसके दाहिने हाथ में राखी बंधी मिली. पुलिस ने मौके से बाइक का नंबर BR 32 BD 5949 नोट किया.

घटना की सूचना मिलने के बाद बहन अनोखा देवी थाना पहुंची और शव की पहचान की. भाई का शव देखते ही थाना परिसर में वह फूट-फूटकर रोने लगी. रक्षाबंधन पर जिस भाई ने बहन को सुरक्षित उसके ससुराल पहुंचाया, अगले ही दिन उसकी मौत की खबर ने परिवार को झकझोर दिया.

प्रथम दृष्टया सड़क हादसा, जांच जारी

घटनास्थल पर एसएफएल की टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाये. थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का लग रहा है.

मृतक की जेब से मोबाइल बरामद हुआ है, जो स्विच ऑफ था. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का स्पष्ट पता चल सकेगा.

यह भी पढ़ें

मदना में एक साथ जली मां-बेटे की चिता, रक्षाबंधन के बाद हादसे ने उजाड़ दिया परिवार



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन