Madhubani: झंझारपुर में लगेगी तीसरी आंख, 440 हाईटेक CCTV कैमरों से चप्पे-चप्पे पर होगी निगरानी
नगर परिषद कार्यालय | Prabhat Khabar Network
झंझारपुर शहर को अपराध और जाम से मुक्त कर स्मार्ट बनाने की पहल शुरू हो गई है. नगर परिषद और पुलिस 440 हाईटेक CCTV कैमरे लगाने की योजना बना रही है, जिससे 24 घंटे निगरानी संभव होगी. यह कदम शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगा.
Madhubani News: झंझारपुर शहर को अपराध और जाम से मुक्त करने के साथ स्मार्ट बनाने की दिशा में कवायद शुरू हो गयी है. नगर परिषद और झंझारपुर थाना ने शहर के प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर कुल 440 हाईटेक CCTV कैमरे लगाने का प्रस्ताव तैयार किया है. योजना पूरी होने के बाद शहर के प्रमुख हिस्सों में 24 घंटे निगरानी रखी जा सकेगी.
आपके शहर में
71 स्थानों पर 230 कैमरे लगाने का प्रस्ताव
झंझारपुर थाना के एसएचओ सुनील कुमार सिंह ने नगर परिषद क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों का सर्वे कर 71 स्थानों को चिह्नित किया है. इन स्थानों पर कुल 230 CCTV कैमरे लगाने का प्रस्ताव भेजा गया है.
वहीं, झंझारपुर आरएस थाना की ओर से स्टेशन, बाजार और अन्य संवेदनशील इलाकों का सर्वे कर 210 CCTV कैमरे लगाने का प्रस्ताव दिया गया है. दोनों थानों की ओर से स्थलवार सूची नगर परिषद कार्यालय को उपलब्ध करा दी गयी है.
नगर परिषद तैयार कर रही है स्टीमेट
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि प्राप्त सूची के आधार पर स्टीमेट तैयार किया जा रहा है. इसके बाद तकनीकी स्वीकृति लेकर CCTV कैमरों की खरीद की जायेगी और चिह्नित स्थानों पर इन्हें इंस्टॉल किया जायेगा. नगर परिषद के अनुसार, योजना को जल्द अमलीजामा पहनाने की तैयारी चल रही है.
नाइट विजन कैमरों से 24 घंटे होगी निगरानी
प्रस्तावित सभी CCTV कैमरे हाई रेजोल्यूशन और नाइट विजन सुविधा से लैस होंगे. इन्हें नगर परिषद और थाना के संयुक्त सेंट्रल कंट्रोल रूम से जोड़े जाने की योजना है.
कंट्रोल रूम से कैमरों की 24 घंटे निगरानी की जायेगी. कैमरों की रिकॉर्डिंग करीब 30 दिनों तक सुरक्षित रखने की व्यवस्था प्रस्तावित है.
चोरी, छिनतई और जाम पर रहेगी नजर
CCTV कैमरे लगने के बाद शहर में चोरी, छिनतई, बाइक चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की निगरानी आसान होगी. सड़क जाम वाले स्थानों पर भी पुलिस और नगर परिषद को स्थिति पर नजर रखने में मदद मिलेगी.
इसके अलावा मनचलों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा सकेगी. किसी घटना के बाद CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और जांच में पुलिस को मदद मिलने की उम्मीद है.
झंझारपुर को सुरक्षित और स्मार्ट बनाने का लक्ष्य
नगर परिषद की मुख्य पार्षद बबीता शर्मा ने कहा कि झंझारपुर को सुरक्षित और स्मार्ट नगर बनाना नगर परिषद का लक्ष्य है. CCTV कैमरे लगाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही चिह्नित स्थानों पर कैमरे लगाने का काम शुरू किया जायेगा.
शहर में प्रस्तावित 440 CCTV कैमरों की योजना को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह है. लोगों का कहना है कि शहर में निगरानी बढ़ने से अपराधियों में भय पैदा होगा और पुलिस को घटनाओं की जांच में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें
बेनीपट्टी में सड़क निर्माण की बाधा बनी अतिक्रमण हटाया गया, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए