फर्जी दस्तावेज बनाकर सात लाख से अधिक का गबन, चार कर्मियों के खिलाफ झंझारपुर थाने में प्राथमिकी

Updated:
विज्ञापन

झंझारपुर में क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड की शाखा में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है. चार कर्मचारियों पर फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर 7 लाख रुपये से अधिक के गबन का आरोप है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

Jhanjharpur Loan Fraud: झंझारपुर स्थित क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड की शाखा में कार्यरत चार कर्मचारियों पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर 7 लाख 10 हजार 932 रुपये की धोखाधड़ी और गबन करने का आरोप लगा है. कंपनी के डिवीजनल मैनेजर अमित कुमार गुप्ता के आवेदन पर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.

आंतरिक जांच में खुला फर्जीवाड़े का मामला

प्राथमिकी के अनुसार, अप्रैल 2026 में वित्तीय अनियमितता की शिकायत मिलने पर कंपनी की आंतरिक लेखा परीक्षा और बीएसटी टीम ने 16 से 30 अप्रैल तक जांच की. जांच में सामने आया कि शाखा के कर्मचारियों ने फर्जी केवाईसी, जाली हस्ताक्षर और फर्जी ऋण आवेदन तैयार कर कुछ ग्राहकों के नाम पर इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक और एयरटेल पेमेंट बैंक में खाते खुलवाए. इन खातों में ऋण की राशि भेजकर बाद में निकाल ली गई.

चार कर्मचारियों पर गबन और साजिश का आरोप

आरोपितों में केंद्र प्रबंधक रोशन कुमार, केंद्र प्रबंधक अंकित कुमार, शाखा प्रबंधक बिट्टू कुमार और क्षेत्रीय प्रबंधक निरंजन कुमार शामिल हैं.

कंपनी के अनुसार, रोशन कुमार ने बेनामी और डमी लोन के माध्यम से 4,02,261 रुपये का गबन किया. वह 24 अप्रैल 2026 से बिना सूचना दिए शाखा से अनुपस्थित हैं. वहीं अंकित कुमार पर 3,08,671 रुपये के गबन का आरोप है. वह 31 जनवरी 2026 को कंपनी से इस्तीफा दे चुके हैं.

पुलिस ने शुरू की जांच

शाखा प्रबंधक बिट्टू कुमार और क्षेत्रीय प्रबंधक निरंजन कुमार पर पर्यवेक्षण में लापरवाही और फर्जी लोन स्वीकृत कराने में सहयोग करने का आरोप लगाया गया है.

थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि चारों आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, गबन, छल और आपराधिक विश्वासघात की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.


विज्ञापन
संजय कुमार

लेखक के बारे में

By संजय कुमार

संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झंझारपुर (मधुबनी) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन