राम मंदिर की तर्ज पर बनेगा भव्य द्वार, 1500 कलश के साथ शुरू होगी झंझारपुर की 10 दिवसीय इंद्र पूजा
निर्माण हो रहा इंद्र पूजा पंडाल | Prabhat Khabar Network
झंझारपुर में इंद्र पूजा के लिए राम मंदिर जैसा भव्य द्वार बन रहा है. 1500 कलश यात्रियों के साथ 10 दिवसीय महापूजा शुरू होगी. मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम और मनोरंजन की व्यवस्था है.
मधुबनी: झंझारपुर नगर परिषद स्थित ललित कर्पूरी स्टेडियम में इस वर्ष इंद्र पूजा भव्यता के नए रंग में नजर आयेगी. युवा क्लब इंद्र पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाली पूजा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं. इस बार पंडाल का मुख्य आकर्षण अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर बनाया जा रहा भव्य द्वार होगा.
1500 कलश यात्रियों के साथ आज शुरू होगी महापूजा
इंद्र पूजा समिति के अध्यक्ष कुमार सागर ने बताया कि मंगलवार को 1500 कलश यात्रियों के साथ कलश स्थापना की जायेगी. इसके साथ ही दस दिवसीय महापूजा का शुभारंभ होगा.
कलश शोभायात्रा का उद्घाटन एसडीएम टोनी कुमारी और नगर परिषद अध्यक्ष बबीता शर्मा संयुक्त रूप से करेंगी. शोभायात्रा ललित कर्पूरी स्टेडियम से निकलकर राम चौक, थाना चौक और लंगड़ा चौक होते हुए शहर का भ्रमण करेगी. इसके बाद शोभायात्रा वापस स्टेडियम पहुंचेगी.
मीना बाजार से राम झूला तक आकर्षण
इंद्र पूजा को लेकर मेला परिसर में कई तरह के मनोरंजन के साधन तैयार किये गये हैं. यहां मीना बाजार, राम झूला, नाव झूला, जल परी, डांस झूला सहित कई आकर्षक झूले लगाये जा चुके हैं.
दस दिनों तक प्रत्येक दिन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. इससे पूजा के साथ मेला परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम और मनोरंजन के भी इंतजाम रहेंगे.
सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर
पूजा और मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किये जा रहे हैं. मेला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के साथ पेयजल, विद्युत सज्जा और सीसीटीवी की व्यवस्था की जा रही है.
समिति के मुख्य पदाधिकारियों में अध्यक्ष कुमार सागर, सचिव मनीष सिंह, कोषाध्यक्ष संजय पासवान तथा मेला प्रभारी संजय सिंह और रूपेश सिंह शामिल हैं.
शहरवासियों से सहयोग की अपील
पूर्व अध्यक्ष सह व्यवस्थापक कमेटी के वरिष्ठ सदस्य दीपक पोद्दार ने कहा कि वर्षों की तरह इस बार भी इंद्र पूजा के आयोजन में शहरवासियों के स्नेह और सहयोग की अपेक्षा है. समिति की ओर से पूजा और मेले को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें
मधुबनी सदर अस्पताल में 3 महीने में 869 सर्जरी, 36 तरह के ऑपरेशन की सुविधा
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए