मधुबनी: भारत-नेपाल की अहम बैठक, सीमा सुरक्षा और तस्करी रोकने पर बनी सहमति
Published by : Sarfaraz Ahmad Updated At : 20 May 2026 10:13 PM
बैठक में शामिल दोनों देशों के अधिकारी
मधुबनी में आयोजित भारत-नेपाल सीमा समन्वय समिति की बैठक में दोनों देशों के अधिकारियों ने मानव तस्करी, फेक करेंसी और सीमा सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की. पढ़ें पूरी खबर...
मधुबनी से कार्तिक कुमार की रिपोर्ट
Madhubani News: भारत-नेपाल जिला स्तरीय सीमा समन्वय समिति बैठक का आयोजन बुधवार को सौराठ स्थित मिथिला चित्रकला संस्थान के सभागार में सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया. बैठक में भारत और नेपाल के अधिकारियों ने सीमा सुरक्षा, मानव तस्करी, फेक करेंसी और मादक पदार्थों की तस्करी समेत कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की.
मानव तस्करी, शराब तस्करी और फेक करेंसी पर हुई विस्तृत चर्चा
बैठक की संयुक्त अध्यक्षता आनंद शर्मा और नेपाल के सिरहा जिले के सीडीओ सुरेंद्र पौडेल ने की. दोनों देशों के राष्ट्रगान के साथ बैठक की शुरुआत हुई.
बैठक में मानव तस्करी, शराब की तस्करी, जाली नोटों की आवाजाही, सीमा अतिक्रमण, अपराधियों की धरपकड़, प्रतिबंधित दवाओं के दुरुपयोग और सूचनाओं के आदान-प्रदान जैसे मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया.
दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त निगरानी बढ़ाने और सभी प्रवेश बिंदुओं पर विशेष चौकसी रखने पर जोर दिया.
डीएम बोले- भारत-नेपाल का रिश्ता अटूट
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने नेपाली प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि भारत-नेपाल की मित्रता पर्वतों, नदियों, सांस्कृतिक विरासत और पारस्परिक सम्मान पर आधारित अटूट संबंध है.
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बेटी-रोटी का रिश्ता है और आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए दोनों पक्ष लगातार प्रयासरत हैं.
वहीं नेपाल के सिरहा सीडीओ सुरेंद्र पौडेल ने कहा कि इस प्रकार की समन्वय बैठकें दोनों देशों के बीच सहयोग और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.
सीमा सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर
योगेंद्र कुमार ने फेक करेंसी, नशीले पदार्थों की तस्करी और अपराधियों की सूची साझा करने जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी.
बैठक में सीमा स्तंभों की मरम्मत, संयुक्त फील्ड सर्वे और असामाजिक तत्वों द्वारा खुली सीमा के दुरुपयोग को रोकने पर भी सहमति बनी.
बैठक में भारतीय और नेपाली प्रशासन, पुलिस, एसएसबी और आर्म्ड पुलिस फोर्स के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










