बेनीपट्टी में 3867 गरीब परिवारों का सपना हुआ पूरा, PM आवास योजना के तहत मिला पक्का आशियाना
फोटो :- बेनीपट्टी प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित मेघदूतम सभागार में प्रसारण कार्यक्रम के दौरान लाभुकों को आवास की चाबी देते बीडीओ व अन्य | Prabhat Khabar Network
बेनीपट्टी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने पक्के घरों में लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया. कार्यक्रम में 10 परिवारों को चाबी सौंपी गयी. प्रखंड में 11,146 आवास निर्माण का लक्ष्य था, जिसमें अब तक 3,867 घर पूरे हो चुके हैं.
Madhubani News: प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बेनीपट्टी प्रखंड में गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए पक्के घर तैयार होने के बाद गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया. गुरुवार को मेघदूतम सभागार में आयोजित गृह प्रवेश, चाबी समर्पण सह बधाई कार्यक्रम में 10 चयनित लाभुकों को उनके नये घर की चाबी और बधाई पत्र सौंपा गया. चाबी मिलते ही लाभुकों के चेहरे खुशी से खिल उठे.
आपके शहर में
पटना के मुख्य समारोह का हुआ लाइव प्रसारण
कार्यक्रम के दौरान पटना में आयोजित मुख्य समारोह का लाइव प्रसारण प्रोजेक्टर के माध्यम से लाभुकों को दिखाया गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने योजना के लाभुकों को संदेश देकर शुभकामनाएं दीं.
बीडीओ महेश्वर पंडित ने धकजरी और महमदपुर पंचायत के 10 लाभुकों को नये घर की चाबी और बधाई पत्र सौंपा.
इन लाभुकों को मिली घर की चाबी
धकजरी पंचायत से कला देवी, हरेंद्र झा, प्रकाश कुमार राम, मनोज झा और राम परी देवी को चाबी दी गयी. वहीं महमदपुर पंचायत की रीता देवी, रीना देवी, चानो देवी, जानकी देवी और रहमत खातून को भी उनके नये घर की चाबी सौंपी गयी.
इस मौके पर बीडीओ ने कहा कि सरकार बेघर और गरीब परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने तथा उन्हें स्थायी आशियाना उपलब्ध कराने के लिए कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता दे रही है.
11,146 आवास का था लक्ष्य
वित्तीय वर्ष 2026-27 में बेनीपट्टी प्रखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कुल 11,146 आवास बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था. इसके तहत अब तक 10,578 लाभुकों को पहली किस्त की राशि जारी की गयी है. दूसरी किस्त 7,529 और तीसरी किस्त 3,867 लाभुकों को जारी की गयी.
अब तक 3,867 लाभुकों ने आवास निर्माण पूरा कर लिया है. इन्हीं परिवारों के लिए गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है.
घर की चाबी मिलते ही चेहरे पर दिखी खुशी
नये घर की चाबी और बधाई पत्र मिलने के बाद लाभुकों में खासा उत्साह दिखा. वर्षों से पक्के घर की उम्मीद लगाए परिवारों के लिए यह पल खुशी का रहा. कार्यक्रम में बीपीआरओ सह प्रभारी बीईओ मधुकर कुमार, आरडीओ अकरम नजफी, पंचायत सचिव, आवास सहायक सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे.
यह भी पढे़ं:
अब हर महीने लगेगा 'विद्यार्थी सहयोग शिविर', किसी भी तरह की शैक्षणिक शिकायतों पर होगी तुरंत कार्रवाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए