बेनीपट्टी अनुमंडलीय अस्पताल में अचानक पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम, एक स्वास्थ्य कर्मी का वेतन कटा
बेनीपट्टी में अनुमंडल अस्पताल का निरीक्षण करते एसीएमओ व अन्य | Prabhat Khabar Network
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मधुबनी के बेनीपट्टी अनुमंडलीय अस्पताल में छापेमारी की. डॉक्टरों की गैरमौजूदगी और अवैध वसूली की शिकायतों पर की गई जांच में एक स्वास्थ्य कर्मी का वेतन काटने का निर्देश दिया गया.
मधुबनी: बेनीपट्टी अनुमंडलीय अस्पताल को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया. मधुबनी के अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (ACMO) डॉ एसएन झा के नेतृत्व में हुई जांच के दौरान नेत्र सहायक मुकेश कुमार ड्यूटी से नदारद मिले. इस पर उनका एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया गया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्था, चिकित्सकों की उपलब्धता, स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की भी गहन जांच की गयी.
डॉक्टरों की गैरमौजूदगी और अवैध वसूली की मिली थी शिकायत
एसीएमओ डॉ एसएन झा ने बताया कि अधिवक्ता संजीव कुमार मिश्रा ने अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ अवधेश कुमार की बार-बार गैरमौजूदगी और रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों की उपलब्धता नहीं होने की शिकायत की थी.
इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता मिश्रीलाल राम ने आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री के प्रसव के दौरान अस्पताल कर्मियों द्वारा अवैध राशि की वसूली की गयी. दोनों शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से औचक निरीक्षण किया गया.
OPD से प्रसव कक्ष तक की व्यवस्था देखी
निरीक्षण के दौरान एसीएमओ ने ओपीडी, दवा स्टोर, इमरजेंसी वार्ड, प्रसव कक्ष और नेत्र वार्ड का जायजा लिया. अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति के साथ चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति पंजी की भी जांच की गयी.
निरीक्षण के समय नेत्र सहायक मुकेश कुमार ड्यूटी से अनुपस्थित मिले. इसके बाद एसीएमओ ने उनका एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया.
उन्होंने अस्पताल में मौजूद एएनएम, जीएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों से भी विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
डॉग बाइट की दवा उपलब्ध नहीं होने की शिकायत
निरीक्षण के दौरान मौजूद अवकाश प्राप्त शिक्षक रवींद्रनाथ झा ने अस्पताल में डॉग बाइट का उपचार उपलब्ध नहीं होने की शिकायत की. इस पर एसीएमओ ने जल्द ही डॉग बाइट की सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.
अस्पताल उपाधीक्षक को व्यवस्था सुधारने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान मौजूद अस्पताल उपाधीक्षक डॉ अवधेश कुमार को अस्पताल की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिये गये. एसीएमओ ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और अस्पताल में अनुशासन बनाये रखने को कहा.
उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही या अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई की जायेगी.
मौके पर सीडीओ डॉ गिरींद्र मोहन ठाकुर, सत्यनारायण शर्मा, लक्ष्मीकांत झा, शिकायतकर्ता अधिवक्ता संजीव कुमार मिश्रा, मिश्रीलाल राम और त्रिलोकनाथ झा समेत अन्य अधिकारी व स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें
TRAI जागरूकता कार्यक्रम में TV बिल, टैरिफ और साइबर फ्रॉड को लेकर उपभोक्ताओं को दी गयी जानकारी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए