मधुबनी के साहरघाट में पुलिस टीम पर हमला, गिरफ्तार अभियुक्त को छुड़ाया
पुलिस टीम पर हमला
मधवापुर के केरबा गांव में पुलिस टीम पर हमला कर फरार अभियुक्त को छुड़ाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Police Teem attack: मधुबनी जिले के साहरघाट थाना क्षेत्र के केरबा गांव में एक फरार अभियुक्त को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों और परिजनों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है. हमले के दौरान आरोपियों ने बलपूर्वक गिरफ्तार अभियुक्त को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया. इस दुस्साहसिक घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और इलाके में तनाव का माहौल है.
आपके शहर में
फरार अभियुक्त को पकड़ने गई थी पुलिस टीम
साहरघाट थाना में पदस्थापित एसआई कृष्ण कुमार अपने सशस्त्र बलों के साथ एक आपराधिक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्त राम प्रवेश यादव को दबोचने उसके घर केरबा पहुंचे थे. पुलिस को अचानक अपने घर के पास देखकर अभियुक्त भागने लगा, जिसे सतर्क सशस्त्र बलों ने दौड़ाकर मौके पर ही धर दबोचा.
परिजनों और ग्रामीणों ने किया पुलिस पर हमला
अभ्यूक्त के पकड़े जाते ही उसके परिजन और ग्रामीण उग्र हो गए. रंजीत यादव, प्रदीप यादव, बुचन यादव, परमेश्वर यादव, अभियुक्त की पत्नी, मां, चाची सहित 10 से 12 अन्य लोगों ने लाठी-डंडों से लैस होकर पुलिस बल पर हमला बोल दिया. इस दौरान आरोपियों ने पुलिस के साथ जमकर गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए अभियुक्त राम प्रवेश यादव को छुड़ा लिया.
मारपीट में कई पुलिसकर्मी घायल, सीएचसी में इलाज
हमले के दौरान आरोपी राम प्रवेश यादव ने भी पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज की और मुक्कों से प्रहार किया. किसी तरह जान बचाकर पुलिसकर्मी वहां से सुरक्षित बाहर निकले. इस हिंसक झड़प में कई पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत मधवापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया.
थानाध्यक्ष का बयान और दो आरोपी गिरफ्तार
साहरघाट थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने इस संबंध में नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस घटना में संलिप्त मुख्य आरोपी रंजीत यादव और प्रदीप यादव को गिरफ्तार कर लिया है तथा उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है
यह भी पढ़ें... 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, ट्रैफिक चालान के लंबित मामलों का होगा निष्पादन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए