ePaper

मधुबनी : ट्रक की ठोकर से शिक्षक की मौत पर बवाल, 14 ट्रकों को फूंक डाला

Updated at : 21 Dec 2019 6:08 AM (IST)
विज्ञापन
मधुबनी : ट्रक की ठोकर से शिक्षक की मौत पर बवाल, 14 ट्रकों को फूंक डाला

फुलपरास थाना क्षेत्र की घटना, बीडीओ की गाड़ी भी जलायी दर्जन भर से अधिक लोगों को पुलिस ने लिया हिरासत में फुलपरास (मधुबनी) : थाना क्षेत्र के भुतही बलान पुल के पास शुक्रवार की सुबह एक ट्रक ने बाइक सवार शिक्षक को ठोकर मार दी. इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. शिक्षक की […]

विज्ञापन

फुलपरास थाना क्षेत्र की घटना, बीडीओ की गाड़ी भी जलायी

दर्जन भर से अधिक लोगों को पुलिस ने लिया हिरासत में

फुलपरास (मधुबनी) : थाना क्षेत्र के भुतही बलान पुल के पास शुक्रवार की सुबह एक ट्रक ने बाइक सवार शिक्षक को ठोकर मार दी. इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. शिक्षक की पहचान अंधरामठ थाने के नरेंद्रपुर रौआही गांव निवासी रोहन कृष्ण के रूप में की गयी है.

बताया जा रहा है कि वह नरहिया उच्च विद्यालय में शिक्षक थे. घटना से आक्रोशित लोगों ने एनएच 57 पर जमकर बवाल काटा. दोनों लेन पर जाने वाले एक दर्जन से अधिक ट्रकों व कंटेनर में आग लगा दी. एक सौ से अधिक वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया.

मौके पर पहुंचे बीडीओ के वाहन को भी आक्रोशित लोगों ने आग के हवाले कर दिया. चार घंटे तक एनएच पूरी तरह से ठप रहा. ट्रकचालक डर से वाहनों को छोड़ कर भाग निकले. बताया जा रहा है कि आक्रोशित लोगों ने इन वाहनों मेें लूटपाट भी की है. अनुमंडल प्रशासन ने बताया है कि इस उपद्रव व घटना में 10 करोड़ से अधिक की क्षति हुई है. प्रशासन ने मौके से एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है कि हंगामा करने वालों में अधिकांश छात्र नौवीं व 10वीं के थे.

कोचिंग कराने जा रहे थे शिक्षक : शिक्षक रोहन कृष्ण शुक्रवार की सुबह नरहिया स्थित अपने एक कोचिंग संस्थान से फुलपरास स्थित कोचिंग में छात्रों को पढ़ाने जा रहे थे. इसी दौरान भूतही बलान पुल के समीप ट्रक ने ठोकर मार दी.

मौत की जानकारी होते ही आसपास के लोग, कोचिंग के छात्र जमा हो गये. हंगामा शुरू कर दिया. लोगों ने सबसे पहले उस ट्रक में आग लगा दी, जिससे शिक्षक को ठोकर लगी थी. जानकारी होते ही फुलपरास बीडीओ अशोक प्रसाद मौके पर लोगों को समझाने पहुंचे. आक्रोशित लोगों ने उनके वाहन को भी जला दिया.

72 से अधिक वाहनों को किया क्षतिग्रस्त, कई ट्रकों में की लूटपाट

उपद्रवियों को रोकने की नहीं हुई हिम्मत : बीडीओ

बीडीओ अशोक कुमार ने बताया है कि उनके वाहन को जिस समय उपद्रवी तत्वों ने आग के हवाले किया, उस समय फुलपरास पुलिस मौके पर मौजूद थी, पर लोगों की संख्या अधिक होने व आक्रोशित होने के कारण किसी को भी इन उपद्रवियों को रोकने की हिम्मत नहीं हुई.

किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जायेगा : डीएम

चार घंटे बाद मुख्यालय से डीएम शीर्षत कपिल अशोक, एसपी डॉ सत्य प्रकाश के साथ भारी संख्या में पुलिस बल मुख्यालय से पहुंचा. इसके बाद उपद्रवी भाग निकले. सड़क पर वाहनों की आवाजाही शुरू हुई. डीएम ने कहा कि किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जायेगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन