दुर्गा पूजा का मेला शुरू होने से पहले बदलेगी उदाकिशुनगंज की तस्वीर, जलजमाव से लेकर लाइट तक पर फैसला
बैठक में मौजूद मुख्य पार्षद, ईओ व वार्ड पार्षद | Prabhat Khabar Network
दुर्गा पूजा शुरू होने से पहले उदाकिशुनगंज नगर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान की तैयारी तेज हो गई है. जलजमाव, साफ-सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसे मुद्दों पर बोर्ड की बैठक में विस्तार से चर्चा हुई.
Madhepura News: दुर्गा पूजा का मेला शुरू होने से पहले उदाकिशुनगंज नगर क्षेत्र में जलजमाव और साफ-सफाई की समस्या दूर करने की तैयारी शुरू कर दी गयी है. नगर परिषद कार्यालय के सभागार में मंगलवार को आयोजित सामान्य बोर्ड की बैठक में जल निकासी, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट लाइट और लंबित विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक में वार्ड पार्षदों ने पूजा और मेला शुरू होने से पहले नगर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं का समाधान कराने की मांग उठायी.
बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद अनुसुईया देवी ने की. इस दौरान वार्ड पार्षद कुमार अभिषेक ने दुर्गा पूजा को लेकर नगर क्षेत्र में साफ-सफाई और सड़कों पर जलजमाव की समस्या का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि मेला शुरू होने से पहले लोगों को जलजमाव और गंदगी से राहत मिलनी चाहिए.
इस पर कार्यपालक पदाधिकारी कमलेश कुमार ने सदन को आश्वस्त किया कि दुर्गा पूजा मेला से पहले जलजमाव की समस्या का हर हाल में निपटारा किया जाएगा. उन्होंने बताया कि नाला निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. संवेदक को वर्क ऑर्डर मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा. इससे जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में काम होगा.
26 में 21 योजनाओं का टेंडर, पांच बाकी
ईओ ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से कुल 26 योजनाएं भेजी गयी थीं. इनमें से 21 योजनाओं का टेंडर हो चुका है. शेष पांच योजनाओं का टेंडर होना बाकी है. उन्होंने कहा कि जल्द ही इन पांच योजनाओं का भी टेंडर कराया जाएगा, ताकि लंबित विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके.
बैठक में कचरा निस्तारण को लेकर भी जानकारी दी गयी. ईओ ने बताया कि मर्करी में कचरा निस्तारण के लिए जगह चिन्हित की गयी है. वहां कचरा निस्तारण और भंडारण के साथ जैविक खाद तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है.
छह महीने पहले फाउंडेशन, अब तक नहीं लगा हाईमास्ट पोल
वार्ड पार्षद मो. शुऐब उद्दीन ने वार्ड संख्या तीन स्थित बीआरसी भवन के सामने हाईमास्ट लाइट का मामला उठाया. उन्होंने बताया कि करीब छह महीने पहले वहां हाईमास्ट लाइट के लिए फाउंडेशन तैयार किया गया था, लेकिन अब तक संवेदक द्वारा पोल नहीं लगाया गया है. इसके कारण आसपास का क्षेत्र अंधेरे में रहता है.
उन्होंने बताया कि इसी स्थान के सामने आवासीय कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय भी है, जहां सैकड़ों छात्राएं रहती हैं. ऐसे में वहां पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था जरूरी है.
इस पर ईओ ने कहा कि सभी चिन्हित स्थलों पर हाईमास्ट लाइट का निर्माण कराया जाएगा. इसके अलावा नगर परिषद के प्रत्येक वार्ड में अतिरिक्त 50-50 वेपर लाइट भी नये सिरे से लगायी जाएगी. मुख्य पार्षद अनुसुईया देवी ने खराब स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट की शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया.
दो बार टेंडर के बाद भी नहीं बना सार्वजनिक शौचालय
बैठक में सार्वजनिक शौचालय निर्माण में हो रही देरी का मामला भी सामने आया. बताया गया कि दो बार टेंडर होने के बावजूद संवेदक द्वारा निर्माण कार्य नहीं कराया गया. इसके बाद बैठक में दोबारा नये सिरे से टेंडर कराकर सार्वजनिक शौचालय का निर्माण शुरू कराने का निर्णय लिया गया.
वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभुकों को दूसरी किस्त की राशि भेजे जाने की जानकारी भी बैठक में दी गयी. बताया गया कि लाभुकों के खाते में द्वितीय किस्त की राशि भेजी जा रही है. इस राशि से लाभुक अपने अधूरे मकान का निर्माण कार्य पूरा कर सकेंगे.
Madhepura News: अमीन को हटाने का निर्णय
नगर परिषद कार्यालय में तैनात अमीन के कार्य से असंतोष जताये जाने के बाद उसे हटाने का निर्णय भी ईओ ने सदन के माध्यम से लिया. मुख्य पार्षद ने बैठक में उठाये गये सभी मुद्दों को पारित करने का निर्देश दिया और अधिकारियों से संबंधित निर्णयों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा.
उप मुख्य पार्षद मिंकी कुमारी ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराना प्राथमिकता है. हाईमास्ट लाइट, नाला निर्माण, एमआरएफ और कचरा डंपिंग यार्ड समेत अन्य स्वीकृत कार्यों में हो रही देरी से आम लोगों को परेशानी हो रही है.
उन्होंने कहा कि आगामी दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए नगर क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाना जरूरी है. संबंधित पदाधिकारियों से कार्यों की दैनिक समीक्षा, जियो-टैग फोटो के साथ प्रगति रिपोर्ट और जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर समयबद्ध कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया.
बैठक में मुख्य पार्षद अनुसुईया देवी, ईओ कमलेश कुमार, उप मुख्य पार्षद मिंकी कुमारी, स्वच्छता पदाधिकारी केतन कुमार, सिटी मैनेजर चंचल कुमार सहित सभी वार्ड पार्षद मौजूद थे.

Also Read: 'जो दलितों से टकराएगा...’ नारों के बीच पटना में प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी
Also Read: टना में NIA की रेड के दौरान स्कूटी से मिले 20 लाख कैश, पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए