घर में घुसकर मारपीट और जातिसूचक गाली देने का आरोप, आभूषण छीनने की भी शिकायत
पीएचसी में घायल इलाजरत | Prabhat Khabar Network
मधेपुरा के उदाकिशुनगंज में दबंगों ने घर में घुसकर परिवार पर जानलेवा हमला किया. मारपीट के दौरान सोने-चांदी के कीमती आभूषण भी छीन लिए गए. घायल पिता को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
उदाकिशुनगंज (मधेपुरा). थाना क्षेत्र के भवानंदपुर वार्ड संख्या तीन निवासी अजय कुमार ने अपने ही गांव के कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, जातिसूचक गाली देने, हथियार दिखाकर धमकाने और आभूषण छीनने का आरोप लगाया है. इस संबंध में उन्होंने उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष को आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में घटना 11 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7:45 बजे की बतायी गयी है.
हथियार और लाठी-डंडे लेकर घर पहुंचने का आरोप
अजय कुमार के आवेदन के अनुसार वह परिवार के सदस्यों के साथ घर में बैठकर चाय पी रहे थे. इसी दौरान पिंकू सिंह उर्फ बिंटू कुमार सिंह, बलवीर सिंह, श्वेता कुमारी, शिवम कुमार, दिलीप सिंह और अशोक सिंह कथित रूप से हथियार, गड़ासा, पिस्टल, लाठी और डंडा लेकर उनके घर पहुंचे.
आरोप है कि सभी लोगों ने घर को चारों ओर से घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. अजय कुमार ने आवेदन में पिंकू सिंह और बलवीर सिंह पर उन्हें तथा परिवार के अन्य सदस्यों को जातिसूचक गाली देने और धमकी देने का आरोप लगाया है.
पिता पर पिस्तौल और गड़ासा से हमला करने का आरोप
आवेदन में अजय कुमार ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर पिंकू सिंह ने उनके पिता कारी पासवान पर पिस्तौल से वार करने का प्रयास किया. वहीं बलवीर सिंह पर गड़ासा से उनके पिता के सिर पर हमला करने का आरोप लगाया गया है. अजय के अनुसार हमले में कारी पासवान के सिर में चोट लगी.
पिता को बचाने पहुंचे अजय कुमार के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप आवेदन में लगाया गया है. इसी दौरान अशोक सिंह पर लोहे की रॉड से हमला करने का प्रयास करने का आरोप है. अजय के अनुसार बचने के क्रम में रॉड उनके कंधे पर लगी.
चांदी की चेन और सोने की जितिया छीनने का आरोप
अजय कुमार ने अपनी मां श्वेता कुमारी के गले से चांदी की चेन छीनने का भी आरोप लगाया है. आवेदन के अनुसार चांदी की चेन की कीमत करीब 22 हजार रुपये बतायी गयी है. वहीं उनकी भाभी रूबी देवी के साथ भी बीच-बचाव के दौरान मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है. अजय के अनुसार अशोक सिंह ने रूबी देवी के गले से करीब तीन ग्राम वजन की सोने की जितिया छीन ली, जिसकी कीमत करीब 45 हजार रुपये बतायी गयी है.
बीच-बचाव करने पहुंचे परिचित से भी मारपीट का आरोप
आवेदन में कहा गया है कि घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे अजय के पिता के परिचित जोगी पासवान के साथ भी कथित रूप से मारपीट की गयी. अजय का आरोप है कि हमलावरों ने परिवार के सदस्यों को धमकाते हुए कहा कि यदि वे उनके खेत में काम करने नहीं जाएंगे तो इसी तरह की घटना को अंजाम देते रहेंगे.
घायल कारी पासवान को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
अजय कुमार के अनुसार आसपास के लोगों के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ. इसके बाद घायल कारी पासवान और अन्य लोगों को उदाकिशुनगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. चिकित्सकों ने कारी पासवान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज मधेपुरा रेफर कर दिया.
जांच और प्राथमिकी की मांग
अजय कुमार ने थानाध्यक्ष को दिए आवेदन में पूरे मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. मामले में पुलिस की ओर से जांच और कार्रवाई के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए