मधेपुरा के सिंहेश्वर में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई: 3 घरों में पकड़ी गई चोरी; एफआईआर दर्ज, तार जब्त
सिंहेश्वर थाना | Prabhat Khabar Network
मधेपुरा के सिंहेश्वर में बिजली चोरी के खिलाफ विभाग की बड़ी कार्रवाई हुई है। तीन घरों में अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पकड़ा गया, जिससे विभाग को लाखों के राजस्व नुकसान का आकलन हुआ है। तीनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
मधेपुरा, सिंहेश्वर. बिजली चोरी रोकने को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विद्युत विभाग की टीम ने सिंहेश्वर क्षेत्र में छापेमारी कर तीन घरों में अवैध रूप से बिजली का उपयोग पकड़ा. तीनों मामलों में विभाग के कनीय अभियंता के आवेदन पर सिंहेश्वर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. विभाग ने तीनों मामलों में करीब 30 हजार रुपये की राजस्व क्षति का आकलन किया है, जबकि उपभोक्ताओं पर पहले से कुल 76,864 रुपये का बिजली बिल बकाया बताया गया है.
सुखासन के शेख टोला में पकड़ी गयी बिजली चोरी
विभागीय टीम ने सुखासन पंचायत के शेख टोला वार्ड संख्या 12 में छापेमारी की. जांच के दौरान उपभोक्ता मो नियाज का विद्युत संबंध पूर्व में विच्छेदित पाया गया. विभाग के अनुसार बिना बकाया राशि जमा किए अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था. जांच में 156 वाट की बिजली चोरी पकड़ी गयी. मौके से पीवीसी तार जब्त किया गया. विभाग ने इस मामले में करीब 10 हजार रुपये की राजस्व क्षति का आकलन किया है, जबकि उपभोक्ता पर पूर्व का 11,733 रुपये बकाया बताया गया है.
दूसरे घर में 216 वाट की बिजली चोरी
इसी टोला में हुई दूसरी कार्रवाई में उपभोक्ता मो माइम के घर बिजली चोरी पकड़ी गयी. विभाग के अनुसार उनका विद्युत संबंध भी पहले ही काटा जा चुका था. इसके बावजूद अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था. जांच में 216 वाट की बिजली चोरी पकड़ी गयी. विभाग ने इस मामले में भी करीब 10 हजार रुपये की राजस्व क्षति का आकलन किया है. उपभोक्ता पर पूर्व का 44,259 रुपये बिजली बिल बकाया बताया गया है.
सिंहेश्वर नगर पंचायत के वार्ड आठ में भी कार्रवाई
तीसरा मामला नगर पंचायत सिंहेश्वर के वार्ड संख्या आठ में सामने आया. विभाग के अनुसार उपभोक्ता कमरूजमा का विद्युत संबंध पूर्व में विच्छेदित किया गया था. जांच के दौरान उनके यहां 18 वाट की अवैध बिजली चोरी पकड़ी गयी.
इस मामले में भी विभाग ने करीब 10 हजार रुपये की राजस्व क्षति का आकलन किया है, जबकि उपभोक्ता पर पहले से 10,872 रुपये का बकाया बताया गया है.
बिजली विभाग की टीम ने की छापेमारी
विभागीय कार्रवाई कनीय अभियंता के नेतृत्व में की गयी. टीम में आलोक कुमार, इंद्र कुमार चौधरी, जयकृष्ण कुमार, मो वसीम और आदित्य सुशांत शामिल थे. टीम ने विभिन्न स्थानों पर जांच कर अवैध विद्युत उपयोग के मामले पकड़े.
जब्त सामान थाने को सौंपा
तीनों मामलों में विभाग की ओर से जब्ती सूची तैयार की गयी. मौके से जब्त सामान को संबंधित दस्तावेजों के साथ सिंहेश्वर थाने को सुपुर्द कर दिया गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि विद्युत विभाग की ओर से प्राप्त आवेदन के आधार पर तीनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए