मरीजों का समय पर करें उपचार - आयुक्त

मरीजों का समय पर करें उपचार - आयुक्त
आयुक्त ने मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण सिंहेश्वर. जन नायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल का निरीक्षण मंगलवार को कोशी प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने किया. आयुक्त ने पहले मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन विभाग में जाकर मरीजों के परिजनों से पूछताछ कर चिकित्सा से संबंधित जानकारी ली. वहीं सर्जरी वार्ड में खाना पड़ोस रही जीविका दीदियों से प्रत्येक दिन खाना की स्थिति की जानकारी ली और खाना के गुणवत्ता की जांच करने के साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश दिया. आईसीयू वार्ड के बगल में डॉक्टर व नर्स रूम के नहीं खुलने को लेकर निर्देश देते हुए कहा कि दोनों कक्ष खुला होना चाहिये. इससे मरीजों की स्थित खराब होने पर तुरंत चिकित्सा मिल सके. इसके साथ ही आईसीयू में इलाज करा रहे मरीज के परिजनों से विभिन्न जानकारी ली. जीविका भोजनालय में पानी की व्यवस्था करने के लिए कहा. अस्पताल में आपातकालीन विभाग के बगल के कक्ष में एक डाटा ऑपरेटर के साथ सीनियर डॉक्टर के बैठने की बात कही. वहीं दूसरी तरफ आयुक्त ने निरीक्षण के क्रम में हर वार्ड के ऊपरी हिस्सा के जर्जर रहने और साफ-सफाई पर असंतोष जताया. निरीक्षण के बाद ही मेडिकल कॉलेज के कार्यालय सभागार में रोगी कल्याण समिति की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता आयुक्त ने की. बैठक में अस्पताल की समग्र व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी. विशेष रूप से चिकित्सकीय सुविधाओं की उपलब्धता, दवाओं की आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, उपकरणों की कार्यशीलता तथा मरीजों को बेहतर व सुलभ स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा हुई. आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपचार सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने अस्पताल की अधोसंरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाने, आवश्यक उपकरणों के नियमित रख- रखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा शिकायत निवारण तंत्र को प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने पर विशेष बल दिया. बैठक के बाद आयुक्त ने बताया कि डॉक्टरों की कमी तो है. लेकिन इसकी वैकल्पिक व्यवस्था के तहत काम किया जा रहा है. कुछ मुद्दे नजर आए है जिनमें एमआरआइ की मशीन आ गयी है, जिसे जल्द से जल्द शुरू किया जायेगा. अल्ट्रासाउंड अभी मेडिकल कॉलेज में रेडियोलॉजिस्ट के कमी के वजह से नहीं हो रहा इसे भी जल्द से जल्द शुरू करवाने के दिशा में कार्य किया जायेगा. मौके पर जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन, डीडीसी अनिल बसाक, एसडीएम संतोष कुमार, अधीक्षक डॉ नगीना चौधरी, प्राचार्य दिनेश कुमार, उपाधीक्षक डॉ प्रियरंजन भास्कर व डॉ अंजनी कुमार, आईएमए अध्यक्ष डॉ धीरेन्द्र कुमार, रेड क्रॉस अध्यक्ष डॉ शांति यादव, विभागाध्यक्ष औषधि विभाग डॉ बीरेंद्र कुमार, विभागाध्यक्ष महिला एवं प्रसूति विभाग डॉ पूनम कुमारी आदि मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




