मधेपुरा के मिठाई फ्लैग स्टेशन के ठेकेदार पर रेलवे का बड़ा एक्शन: गड़बड़ी की पुष्टि पर टर्मिनेट; EFT से शुरू हुई टिकट व्यवस्था
रेलवे अधिकारी को मांग पत्र सौंपते स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
मिठाई फ्लैग स्टेशन पर ग्रामीणों की शिकायतों के बाद रेलवे ने एक्शन लिया है. स्टेशन संचालन के ठेकेदार को टर्मिनेट कर दिया गया है और तत्काल प्रभाव से EFT प्रणाली से टिकट मिलने शुरू हो गए हैं. नियमित टिकट व्यवस्था बहाल करने के लिए जल्द नया टेंडर निकाला जाएगा.
मधेपुरा. ग्रामीणों की शिकायत के बाद रेलवे ने मिठाई फ्लैग स्टेशन के संचालन से जुड़े संवेदक को टर्मिनेट कर दिया है. अब तत्काल प्रभाव से स्टेशन पर सीसीटीसी के माध्यम से ईएफटी (एक्सेस फेयर टिकट) प्रणाली से यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराया जाएगा. नियमित टिकट व्यवस्था बहाल करने के लिए रेलवे जल्द नया टेंडर निकालेगा.
डीसीआई ने पहुंचकर शुरू करायी ईएफटी से टिकट देने की व्यवस्था
शनिवार सुबह करीब सात बजे डीसीआई संजय कुमार शर्मा मिठाई फ्लैग स्टेशन पहुंचे. उन्होंने ईएफटी प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू करायी. इस दौरान डीसीआई ने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से बातचीत कर स्टेशन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली.
डीसीआई ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि टिकट व्यवस्था जल्द व्यवस्थित की जाएगी. फिलहाल यात्रियों को ईएफटी के माध्यम से टिकट दिया जाएगा. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और नए संवेदक के चयन के बाद नियमित टिकट व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी.
शिकायत के बाद हुई थी स्टेशन की जांच
बताया जाता है कि मिठाई फ्लैग स्टेशन पर टिकट नहीं मिलने, खासकर रात के समय यात्रियों को होने वाली परेशानी और कथित फर्जी टिकट को लेकर ग्रामीणों ने रेलवे अधिकारियों से शिकायत की थी. शिकायत के बाद मामले की जांच करायी गयी. अधिकारियों की ओर से अनियमितता की पुष्टि होने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था. इसके बाद रेलवे ने स्टेशन के संचालन से जुड़े संवेदक को टर्मिनेट कर दिया.
यात्री सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों ने रखी सात सूत्री मांग
मिठाई फ्लैग स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में सुधार को लेकर ग्रामीण पहले ही सात सूत्री मांग पत्र रेलवे अधिकारियों को सौंप चुके हैं. मुखिया नवीन कुमार, सरपंच बलराम यादव, समिति प्रतिनिधि अशोक कुमार सहित ग्रामीणों ने मंडल वाणिज्य निरीक्षक, सहरसा के माध्यम से मंडल रेल प्रबंधक, समस्तीपुर को मांग पत्र दिया था. मांग पत्र में कंप्यूटरीकृत टिकट व्यवस्था, प्लेटफॉर्म की लंबाई और ऊंचाई बढ़ाने, पक्की सड़क, पेयजल, शौचालय, पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और स्टेशन के सौंदर्यीकरण की मांग शामिल है.

दक्षिणी हिस्से से एनएच-107 तक सड़क निर्माण की मांग
ग्रामीणों ने स्टेशन के दक्षिणी हिस्से से एनएच-107 तक पक्की सड़क निर्माण की मांग भी उठायी है. उनका कहना है कि बेहतर सड़क संपर्क होने से यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने में सुविधा होगी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा.
नियमित टिकट व्यवस्था के साथ सुविधाएं बढ़ने की उम्मीद
रेलवे की ओर से संवेदक को टर्मिनेट करने और तत्काल ईएफटी से टिकट व्यवस्था शुरू कराने के बाद ग्रामीणों को उम्मीद है कि स्टेशन की अन्य समस्याओं का भी समाधान होगा. लोगों का कहना है कि नियमित टिकट व्यवस्था के साथ प्लेटफॉर्म, सड़क, पेयजल, शौचालय, रोशनी और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं में सुधार जरूरी है. मौके पर मुखिया नवीन कुमार, सरपंच बलराम यादव, समिति प्रतिनिधि अशोक कुमार, नीतीश कुमार, शिवगुलाम यादव सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए