मधेपुरा में मंजौरा बाजार में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, जलजमाव से राहत की उम्मीद
मधेपुरा में जलजमाव
Madhepura News: मधेपुरा के मंजौरा बाजार में लंबे समय से जलजमाव और अतिक्रमण से परेशान ग्रामीणों के लिए अच्छी खबर है. प्रशासन ने सड़क की पैमाइश और अतिक्रमण की जांच का आदेश जारी कर दिया है. 13 जुलाई को सीमांकन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
Madhepura News: मधेपुरा के उदाकिशुनगंज प्रखंड स्थित मंजौरा बाजार में लंबे समय से जलजमाव और सड़क पर अतिक्रमण से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की उम्मीद जगी है. ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सड़क की पैमाइश और अतिक्रमण की जांच का आदेश जारी कर दिया है. अब 13 जुलाई को सीमांकन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद प्रशासन हरकत में
11 जुलाई 2026 को मंजौरा बाजार के स्थानीय लोगों ने लगातार हो रहे जलजमाव, जर्जर सड़क और जलनिकासी की समस्या को लेकर बाजार चौक पर प्रदर्शन किया था. प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने सड़क के दोनों किनारों पर हुए अतिक्रमण को हटाने, नाला निर्माण कराने और सड़क को दुरुस्त करने की मांग उठाई थी.
ग्रामीणों का कहना था कि बारिश के दिनों में सड़क पर पानी भर जाने से बाजार में आवाजाही मुश्किल हो जाती है. अतिक्रमण के कारण जलनिकासी भी बाधित रहती है, जिससे समस्या और गंभीर हो जाती है.
13 जुलाई को होगी सड़क की पैमाइश
ग्रामीणों की शिकायत के बाद उदाकिशुनगंज अंचल कार्यालय ने राजस्व कर्मचारी मनीष कुमार को निर्देश दिया है कि 13 जुलाई 2026 को मंजौरा बाजार की संबंधित सड़क का सीमांकन और पैमाइश कर अतिक्रमण की वास्तविक स्थिति का प्रतिवेदन तैयार करें.
अंचल कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार अतिक्रमण हटाने सहित आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी.
Madhepura News: नाला निर्माण और अतिक्रमण हटने से मिलेगी राहत
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि सड़क को अतिक्रमणमुक्त कर नाला निर्माण कराया जाता है तो बरसात के दौरान होने वाले जलजमाव से स्थायी राहत मिल सकती है. इससे बाजार क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और व्यापारियों व आम लोगों दोनों को सुविधा मिलेगी.
ग्रामीणों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इस बार कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जमीन पर भी दिखाई देगी.
अधिकारियों को भी भेजी गई आदेश की प्रति
अंचल कार्यालय द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि भूमि सुधार उपसमाहर्ता और अनुमंडल पदाधिकारी को भी आवश्यक कार्रवाई एवं जानकारी के लिए भेज दी गई है. अंचलाधिकारी स्वाती झा ने बताया कि पैमाइश और प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए