नियमित टीकाकरण को मजबूत बनाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण, तकनीक आधारित मॉनिटरिंग पर जोर

फोटो- प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित चिकित्सक व प्रशिक्षक | Prabhat Khabar Network
लखीसराय जिले में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को सशक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण आयोजित किया गया. इस प्रशिक्षण का उद्देश्य टीकाकरण को अधिक प्रभावी, तकनीक आधारित और गुणवत्तापूर्ण बनाना है.
Immunization Training: लखीसराय. जिले में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को सशक्त और गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को सदर अस्पताल सभागार में एक दिवसीय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. सिविल सर्जन डॉ. जेपी सिंह की अध्यक्षता एवं जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. एके भारती के संचालन में रैपिड इम्यूनाइजेशन स्किल इनहांसमेंट प्रोग्राम के तहत स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया.
जेएसआई की टीम ने दिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य स्वास्थ्य समिति, पटना से आई जेएसआई की विशेषज्ञ टीम ने मास्टर ट्रेनर के रूप में चयनित स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दिया. इस दौरान नियमित टीकाकरण को अधिक प्रभावी, तकनीक आधारित और गुणवत्तापूर्ण बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गयी.
पांच प्रमुख मॉड्यूल पर दिया गया विशेष प्रशिक्षण
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. एके भारती ने बताया कि प्रशिक्षण में नियमित टीकाकरण की प्रक्रिया, लाभार्थियों का सही पंजीकरण, कोल्ड चेन एवं वैक्सीन प्रबंधन, टीकाकरण सत्र का प्रभावी संचालन तथा मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से डाटा अपलोड, निगरानी और मूल्यांकन जैसे पांच प्रमुख मॉड्यूल पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया.
मास्टर ट्रेनर देंगे फील्ड स्तर पर प्रशिक्षण
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनर अब प्रखंड और पंचायत स्तर पर एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित करेंगे. इससे फील्ड स्तर पर टीकाकरण की गुणवत्ता में सुधार होगा और लाभार्थियों का डाटा समय पर एवं त्रुटिरहित तरीके से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया जा सकेगा.
प्रैक्टिकल अभ्यास से बढ़ेगी कार्यकुशलता
Immunization Training: प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, ताकि क्षेत्र में कार्य करते समय आने वाली तकनीकी और व्यवहारिक समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जा सके. अधिकारियों ने विश्वास जताया कि इस पहल से जिले में शत-प्रतिशत बच्चों और गर्भवती महिलाओं तक नियमित टीकाकरण की पहुंच सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव मुरारी सिन्हा
राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










