11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आया राजमिस्त्री, मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम किया

Updated:
विज्ञापन

फोटो- सड़क जाम करते गुस्साये ग्रामीण | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

लखीसराय में एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे राजमिस्त्री की 11 हजार वोल्ट की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।

विज्ञापन

लखीसराय. रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र में मंगलवार को निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे एक राजमिस्त्री की 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से मौत हो गयी. मृतक की पहचान राता गांव निवासी भुनेश्वर यादव के पुत्र सुधीर यादव के रूप में हुई है. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए लखीसराय-सिकंदरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. ग्रामीणों का कहना था कि निर्माण स्थल के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार को हटाने या सुरक्षित करने की मांग पहले भी की गयी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई.

विज्ञापन

निर्माणाधीन मकान में कर रहा था राजमिस्त्री का काम

जानकारी के अनुसार जमुई जिले के रिसरी गांव निवासी जयप्रकाश गोप रामगढ़ चौक के समीप मकान का निर्माण करा रहे थे. इसी निर्माणाधीन मकान में सुधीर यादव राजमिस्त्री के रूप में काम कर रहा था. काम के दौरान वह ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आ गया. हाईटेंशन तार के संपर्क में आने से सुधीर गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गयी.

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया

घटना की सूचना मिलने पर रामगढ़ चौक थानाध्यक्ष चुन्नू कुमार और एसआई महेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

सुधीर मेहनत-मजदूरी और राजमिस्त्री का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.

बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने लखीसराय-सिकंदरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण स्थल के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार को हटाने अथवा सुरक्षित करने के लिए बिजली विभाग को कई बार आवेदन दिया गया था. इसके बावजूद तार को सुरक्षित करने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गयी.

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते तार को हटाया या सुरक्षित किया जाता तो हादसे को टाला जा सकता था. ग्रामीणों ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की.

सड़क के दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतार

सड़क जाम के कारण लखीसराय-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बाद में पुलिस अधिकारियों और हलसी प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि योगेंद्र राय मंडल ने ग्रामीणों को समझाया. अधिकारियों की पहल के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया और मुख्य मार्ग पर आवागमन बहाल हो सका.

जांच और मुआवजे की मांग

ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराने और हाईटेंशन तार से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था में कथित लापरवाही की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग भी ग्रामीणों ने की.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन