लखीसराय में 7 से 26 सितंबर तक चलेगा बड़ा अभियान, हर ब्लॉक में लगेगा फ्री हेल्थ कैंप
फोटो - समीक्षा बैठक में आवश्यक दिशा निर्देश देते सीएस डॉ जेपी सिंह | Prabhat Khabar Network
लखीसराय में 7 से 26 सितंबर तक 'मिशन परिवार विकास' अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान योग्य दंपतियों की काउंसलिंग, परिवार नियोजन के साधनों की जानकारी और मुफ्त सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अभियान दो चरणों में होगा, जिसमें स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर जानकारी देंगे।
लखीसराय. जिला स्वास्थ्य समिति के बैनर तले मंगलवार को सिविल सर्जन सह सदस्य सचिव डॉ जय प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में फैमिली प्लानिंग वर्कशॉप सह रिव्यू मीटिंग आयोजित की गयी. बैठक में 7 से 26 सितंबर तक चलने वाले मिशन परिवार विकास अभियान की तैयारियों की रूपरेखा तय करने के साथ अब तक की प्रगति की समीक्षा की गयी. अभियान के दौरान योग्य दंपतियों की काउंसलिंग, परिवार नियोजन साधनों के प्रति जागरूकता और इच्छुक लाभार्थियों को नि:शुल्क सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया.
दो चरणों में चलेगा मिशन परिवार विकास अभियान
सिविल सर्जन डॉ जय प्रकाश सिंह ने बताया कि मिशन परिवार विकास अभियान दो चरणों में संचालित किया जाएगा. पहले चरण में 7 से 13 सितंबर तक दंपति संपर्क सप्ताह मनाया जाएगा. इसके बाद 14 से 26 सितंबर तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा आयोजित होगा. दोनों चरणों के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों को योग्य दंपतियों तक पहुंचकर उन्हें परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी साधनों की जानकारी देने का निर्देश दिया गया.
सीएचओ, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम
सिविल सर्जन ने कहा कि अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने में सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. सभी सीएचओ और आशा कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में योग्य दंपतियों की काउंसलिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा गया. उन्हें परिवार नियोजन के उपलब्ध स्थायी और अस्थायी साधनों के बारे में जानकारी देकर इच्छुक लाभार्थियों को स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया.
योग्य लाभार्थियों की शत-प्रतिशत लाइन लिस्टिंग का निर्देश
अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ एके भारती ने सभी योग्य लाभार्थियों की लाइन लिस्टिंग शत-प्रतिशत और सही तरीके से पूरा करने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि लाइन लिस्टिंग में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए, ताकि कोई भी इच्छुक लाभार्थी परिवार नियोजन सेवा से वंचित न रहे. सभी प्रखंडों में शत-प्रतिशत सास-बहू सम्मेलन आयोजित करने का लक्ष्य भी दिया गया.
14 सितंबर को होगा हेल्थ मेला सह मीडिया ब्रीफिंग
अभियान के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 सितंबर को सभी प्रखंडों में हेल्थ मेला सह मीडिया ब्रीफिंग आयोजित की जाएगी. वहीं 14 से 26 सितंबर तक आशा कार्यकर्ताओं की लाइन लिस्टिंग के आधार पर सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सप्ताह में दो दिन हेल्थ कैंप लगाया जाएगा.
स्वास्थ्य संस्थानों में नि:शुल्क मिलेगी परिवार नियोजन सेवा
अभियान के दौरान सभी स्वास्थ्य संस्थानों में इच्छुक लाभार्थियों को नि:शुल्क परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी. जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रमंडल स्तर से सारथी रथ भी निकाला जाएगा. इसके माध्यम से लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न विकल्पों और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी जाएगी.
28 सितंबर को जमा होगी अंतिम रिपोर्ट
अधिकारियों को अभियान की गतिविधियों की नियमित निगरानी और प्रगति की रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया. अभियान पूरा होने के बाद 28 सितंबर को फाइनल फिजिकल रिपोर्ट जमा की जाएगी. बैठक में प्रखंड स्तर पर अभियान की तैयारियों और लक्ष्य को समय पर पूरा करने पर भी चर्चा की गयी.
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और जीविका प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में डीपीएम, डीसीएम, डीपीसी, सभी एमओआईसी, ब्लॉक हेल्थ मैनेजर, बीसीएम, फैमिली प्लानिंग काउंसलर और जीविका के एचएन एवं बीपीएम मौजूद रहे. अधिकारियों ने अभियान के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने और अधिक से अधिक योग्य लाभार्थियों तक परिवार नियोजन सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
Also Read : पटना में बदली ट्रैफिक व्यवस्था, डाकबंगला से भट्टाचार्य रोड जाने वाला रास्ता बंद, जानें वैकल्पिक रास्ते
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए