अवैध पार्किंग, अतिक्रमण व अनियंत्रित वाहन परिचालन पर कार्रवाई करें सुनिश्चित
Author Rajeev murarai sinha sinha
Updated:
विज्ञापन

Ensure action against uncontrolled vehicle operation
विज्ञापन
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने दिये निर्देश
लखीसराय. समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में सोमवार की शाम डीएम मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई. बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों के अनुपालन को सख्ती से लागू करना व आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था. डीएम ने जिले में जाम की समस्या की विस्तृत समीक्षा करते हुए प्रमुख चौराहों व बाजार क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया. उन्होंने अवैध पार्किंग, अतिक्रमण व अनियंत्रित वाहन परिचालन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. बैठक में हेलमेट व सीट बेल्ट जांच अभियान को नियमित व सघन रूप से चलाने का निर्देश दिया गया. साथ ही ओवरलोडिंग, तेज गति, नशे में वाहन चलाने तथा प्रदूषण जांच (पीयूसी) प्रमाण पत्र की अनिवार्यता पर विशेष बल दिया गया. ब्लैक स्पॉट व उसके परिमार्जन की स्थिति की भी समीक्षा की गयी. डीएम ने उन स्थलों की पहचान कर विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया, जहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं. ऐसे स्थलों पर चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर, स्ट्रीट लाइट व आवश्यक संरचनात्मक सुधार शीघ्र कराने को कहा गया. हिट एंड रन मामलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने पीड़ितों को नियमानुसार शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने व लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया. बैठक में आईआरएडी व ईडीएआर पोर्टल पर दुर्घटना संबंधी सूचनाओं की समयबद्ध व शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर बल दिया गया, ताकि डेटा आधारित योजना बनाकर प्रभावी कदम उठाये जा सकें. बैठक में डीडीसी सुमित कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, पुलिस उपाधीक्षक यातायात अजीत कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, डीईओ यदुवंश राम, एमवीआई प्रतीक कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद लखीसराय, बड़हिया व सूर्यगढ़ा, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन

लेखक के बारे में
By राजीव मुरारी सिन्हा
राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










