25 सूत्री मांगों को लेकर बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ ने समाहरणालय पर दिया एक दिवसीय धरना
धरना के दौरान संबोधित करते शिक्षक नेतागण | Prabhat Khabar Network
लखीसराय में बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ ने 25 सूत्री मांगों को लेकर समाहरणालय पर धरना दिया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
लखीसराय. बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के आह्वान पर शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित धरना स्थल पर 25 सूत्री मांगों को लेकर एक दिवसीय सत्याग्रह सह धरना कार्यक्रम का आयोजन किया गया. धरना की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जय कुमार निराला ने की. जबकि संचालन जिला महासचिव सत्यप्रकाश कर रहे थे. धरना शनिवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद आयोजित की गयी. धरना प्रारंभ होते ही भारी बारिश शुरू हो गयी, इसे बावजूद काफी संख्या में शिक्षक धरनास्थल पर जुटे रहे. इस दौरान धरनास्थल पर लगाया गया पंडाल भी क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन शिक्षक नेता अपनी बातों को रखते रहे.
आपके शहर में
सरकार व शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की
इस दौरान जिले के सभी प्रखंडों से सैकड़ों प्रारंभिक शिक्षक धरना स्थल पर जुटे और राज्य सरकार व शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. संघ के जिलाध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार लगातार नियोजित शिक्षकों के साथ वादा खिलाफी कर रही है. 20 वर्षों से अधिक समय से शिक्षा की मुख्यधारा में सेवा दे रहे प्रारंभिक शिक्षक आज भी प्रोन्नति, ऐच्छिक स्थानांतरण से वंचित हैं.
ये हैं प्रमुख मांगें संघ ने 25 सूत्री मांग पत्र में मुख्य रूप से राज्य के प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत नियोजित शिक्षक, विशिष्ट शिक्षक, विद्यालय अध्यापक, प्रधान शिक्षक एवं प्रधानाध्यापक को सप्तम पुनरीक्षित वेतनमान के तहत पे-बैंड-2 का पूर्ण वेतनमान (9300-38400) प्रदान करने,राज्य के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की अलग-अलग कोटि, अलग-अलग नाम एवं अलग-अलग वेतन संरचना को समाप्त कर एक कोटि, एक नाम एवं एक समान वेतन संरचना लागू करने, राज्य के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करने, नियोजित शिक्षकों के वेतन भुगतान हेतु राज्य के सभी जिलों को एसएसए एवं जीओबी दोनों मदों में पर्याप्त आवंटन उपलब्ध कराया जाए तथा प्रत्येक माह समय पर वेतन भुगतान की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, शिक्षक नियोजन नियमावली 2012 एवं 2020 में निहित प्रावधानों के आलोक में दो दशकों से अधिक समय से सेवा दे रहे नियोजित शिक्षकों को 12 वर्षों की सेवा पूर्ण होने पर कालबद्ध प्रोन्नति एवं वेतन उन्नयन प्रदान किया जाए, साथ ही बेसिक ग्रेड शिक्षक को 8 वर्ष की सेवा के उपरान्त स्नातक ग्रेड शिक्षक तथा स्नातक ग्रेड शिक्षक को 5 वर्ष की सेवा के उपरान्त मध्य विद्यालय के प्रधान शिक्षक पद पर प्रोन्नति देने की कार्रवाई अविलम्ब सुनिश्चित की जाए.
लंबित एरियर भुगतान की मांग
सभी जिलों में नियोजित शिक्षक, विशिष्ट शिक्षक, विद्यालय अध्यापक एवं प्रधान शिक्षकों के सभी प्रकार के लंबित एरियर, अंतर वेतन एवं अन्य बकाया राशि का अविलंब भुगतान करने की मांग प्रमुख रुप से शामिल थी. धरना को जिला उपाध्यक्ष, जिला सचिव समेत कई प्रखंड अध्यक्षों ने भी संबोधित किया. वक्ताओं ने कहा कि अगर सरकार हमारी मांगों पर जल्द विचार नहीं करती है तो आने वाले दिनों में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा.धरना समाप्त होने के बाद संघ के शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम 25 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए