लखीसराय के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में चला जागरूकता अभियान, माताओं को दिलाई गयी स्तनपान की शपथ

Updated:
विज्ञापन

फोटो- स्वास्थ्य स्तनपान का धातृ माताओं को संकल्प दिलाते | Prabhat Khabar Network

लखीसराय के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया. माताओं को नवजात के जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू कराने और पहले छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने की शपथ दिलाई गई.

विज्ञापन

World Breastfeeding Week: लखीसराय. विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में शपथ ग्रहण समारोह एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए. कार्यक्रम में चिकित्सा पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविका तथा बड़ी संख्या में गर्भवती एवं धातृ माताओं ने भाग लिया.

नवजात को समय पर स्तनपान कराने की दिलाई शपथ

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नवजात शिशु के जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू कराने, जन्म के बाद पहले छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने तथा छह माह के बाद ऊपरी आहार के साथ दो वर्ष या उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखने की शपथ दिलाई गई. साथ ही परिवार और समाज में स्तनपान के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने का संकल्प भी लिया गया.

सिविल सर्जन ने बताया स्तनपान का महत्व

सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह ने कहा कि मां का दूध नवजात शिशु के लिए सर्वोत्तम पोषण है. उन्होंने बताया कि जन्म के तुरंत बाद निकलने वाला गाढ़ा पीला दूध (कोलोस्ट्रम) शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, संक्रमण से बचाने तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है. इसे किसी भी परिस्थिति में नहीं फेंकना चाहिये.

स्वास्थ्य कर्मियों ने दी वैज्ञानिक जानकारी

स्वास्थ्य कर्मियों ने गर्भवती एवं धातृ महिलाओं को स्तनपान के लाभ, शिशु के पोषण, संक्रमण से सुरक्षा तथा मातृ स्वास्थ्य पर इसके सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी. परिवार के सदस्यों से भी धातृ माताओं को संतुलित आहार और सहयोग उपलब्ध कराने की अपील की गई.

जागरूकता गतिविधियों का हुआ आयोजन

जिला डीपीसी सुनील कुमार ने बताया कि अभियान के तहत स्वास्थ्य शिक्षा सत्र, समूह चर्चा, व्यक्तिगत परामर्श तथा विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया. इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और कुपोषण की रोकथाम करना है.

स्वस्थ समाज के निर्माण की अपील

World Breastfeeding Week: स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से स्तनपान संबंधी वैज्ञानिक तथ्यों को अपनाने तथा स्वस्थ एवं कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की. कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने क्षेत्र में स्तनपान के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया.


विज्ञापन
राजेश कुमार

लेखक के बारे में

By राजेश कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन