अंतिम सोमवारी पर अशोक धाम में उमड़ेगी भीड़, स्टेशन से मंदिर तक कड़ी होगी सुरक्षा, बदला प्रवेश मार्ग

Updated:
विज्ञापन

फोटो- अशोक धाम रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते डीएम शैलेंद्र कुमार, एसपी प्ररेणा कुमार व अन्य | Prabhat Khabar Network

सावन की अंतिम सोमवारी पर बाबा अशोक धाम में उमड़ने वाली भीड़ को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा की विशेष रणनीति तैयार की है। रेलवे स्टेशन पर विशेष निगरानी रहेगी।

विज्ञापन

Ashok Dham: लखीसराय. सावन माह की अंतिम सोमवारी पर बाबा अशोक धाम मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं. शनिवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने अधिकारियों के साथ अशोक धाम रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया. इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही, कतार व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा और रेलवे सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.

आपके शहर में

विज्ञापन

अशोक धाम रेलवे स्टेशन बनेगा क्राउड मैनेजमेंट का मुख्य केंद्र

प्रशासन ने अशोक धाम रेलवे स्टेशन परिसर को भीड़ नियंत्रण का मुख्य केंद्र बनाने का निर्णय लिया है. स्टेशन पर ट्रेन से उतरने वाले श्रद्धालुओं को अव्यवस्था से बचाने के लिए प्लेटफॉर्म से बाहर निकलने वाले वैकल्पिक रास्तों को बंद किया जाएगा. श्रद्धालु निर्धारित सीढ़ियों के रास्ते सीधे पार्किंग क्षेत्र में पहुंचेंगे, जहां से उन्हें व्यवस्थित तरीके से कतार में आगे बढ़ाया जाएगा.

पिछली सोमवारी की घटना से लिया सबक, बदला प्रवेश मार्ग

सावन की तीसरी सोमवारी के दौरान दृष्टि किरण विला के समीप उत्पन्न हुई भगदड़ जैसी स्थिति को देखते हुए इस बार प्रवेश व्यवस्था में बदलाव किया गया है. एनएच-80 के बालगुदार और बीएड कॉलेज मोड़ की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं का प्रवेश मार्ग आगे बढ़ाकर रेलवे स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र तक किया गया है. इससे सड़क और रेल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं को एक व्यवस्थित चैनल में प्रवेश कराया जा सकेगा.

महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार

श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग मजबूत जिग-जैग कतारें बनाई जा रही हैं. स्टेशन पार्किंग परिसर में आपातकालीन नियंत्रण कक्ष और श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए व्यवस्था की गई है. श्रद्धालुओं को स्टेशन से सीधे पूजा सामग्री की दुकानों की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी. उन्हें निर्धारित कतार से ही आगे बढ़ना होगा.

सीसीटीवी, पेयजल और मेडिकल कैंप की व्यवस्था

पूरे स्टेशन परिसर और भीड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी. जगह-जगह शुद्ध पेयजल की व्यवस्था के साथ मेडिकल कैंप भी लगाए गए हैं. किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए दृष्टि किरण विला में अस्थायी अस्पताल की व्यवस्था की गई है.

स्पेशल ट्रेनों और चेन पुलिंग पर भी रहेगी नजर

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने अशोक धाम स्टेशन प्रबंधक के साथ बैठक की. अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों के ठहराव, परिचालन समय और अनावश्यक चेन पुलिंग जैसी घटनाओं पर रोक लगाने को लेकर जीआरपी और आरपीएफ के साथ विशेष रणनीति तैयार की गई.

प्रशासन ने कहा- सुरक्षा से नहीं होगा समझौता

Ashok Dham: जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं. प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को बाबा अशोक धाम में दर्शन और पूजा के दौरान सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण मिल सके.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन