बिना सूचना रद्द हुईं दो डीएमयू ट्रेनें, ठाकुरगंज रेलखंड पर यात्री परेशान

Updated:
विज्ञापन

सिलीगुड़ी-मालदा रेलखंड पर बिना पूर्व सूचना के दो डीएमयू ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है. इससे ठाकुरगंज समेत हजारों यात्रियों को भारी परेशानी हुई, जिन्हें सड़क मार्ग से अतिरिक्त किराया देकर सफर करना पड़ा.

विज्ञापन

किशनगंज : सिलीगुड़ी–मालदा रेलखंड पर सोमवार को रेलवे ने 75719 मालदा कोर्ट–सिलीगुड़ी डीएमयू और 75720 सिलीगुड़ी–मालदा कोर्ट डीएमयू ट्रेन का परिचालन बिना किसी पूर्व सूचना के रद्द कर दिया. अचानक लिए गए इस निर्णय से ठाकुरगंज समेत पूरे रेलखंड के हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

आपके शहर में

विज्ञापन

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह 7:50 बजे सिलीगुड़ी से बालुरघाट इंटरसिटी एक्सप्रेस के रवाना होने के बाद ठाकुरगंज की ओर जाने वाली अगली स्थानीय ट्रेन 75720 सिलीगुड़ी–मालदा कोर्ट डीएमयू थी, जिसका प्रस्थान समय सुबह 10:30 बजे निर्धारित था. ट्रेन रद्द होने के कारण यात्रियों को अब दोपहर 12:45 बजे सिलीगुड़ी जंक्शन से खुलने वाली 15702 कटिहार इंटरसिटी एक्सप्रेस का इंतजार करना पड़ा. इससे करीब पांच घंटे तक सिलीगुड़ी से ठाकुरगंज के लिए कोई स्थानीय रेल सेवा उपलब्ध नहीं रही.

वहीं, मालदा की ओर जाने वाले यात्रियों को भी 75719 मालदा कोर्ट–सिलीगुड़ी डीएमयू के रद्द होने से कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. ये दोनों ट्रेनें ठाकुरगंज, अलीुआबाड़ी रोड, किशनगंज, बारसोई, सिलीगुड़ी और मालदा के बीच प्रतिदिन यात्रा करने वाले छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, छोटे व्यापारियों और मरीजों के लिए महत्वपूर्ण स्थानीय रेल सेवा हैं.

स्थानीय यात्रियों का कहना है कि इस रेलखंड पर पहले से ही स्थानीय ट्रेनों की संख्या सीमित है. ऐसे में बिना किसी पूर्व सूचना के ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिए जाने से हजारों लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई. कई यात्रियों को सड़क मार्ग से अतिरिक्त किराया देकर सफर करना पड़ा, जबकि कुछ ने अपनी यात्रा ही स्थगित कर दी.

समाचार लिखे जाने तक रेलवे की ओर से दोनों डीएमयू ट्रेनों के परिचालन रद्द किए जाने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई थी. यात्रियों ने मांग की है कि भविष्य में यदि किसी कारणवश ट्रेन रद्द करनी पड़े तो इसकी सूचना समय रहते सार्वजनिक की जाए, ताकि यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन