तुलसिया हॉल्ट को स्टेशन बनाने की मांग तेज, हर महीने हजारों यात्री कर रहे सफर

Updated:
विज्ञापन
तुलसिया हॉल्ट

तुलसिया हॉल्ट

सीमांचल की लाइफलाइन बने तुलसिया हॉल्ट से रेलवे को लाखों का राजस्व मिल रहा है, फिर भी यात्री बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। जानें पूरी खबर।

विज्ञापन

किशनगंज : सीमांचल के भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाके में स्थित तुलसिया हॉल्ट अब केवल एक छोटा रेलवे हॉल्ट नहीं, बल्कि हजारों लोगों की दैनिक जरूरत का प्रमुख रेल केंद्र बन चुका है. दिघलबैंक प्रखंड का यह एकमात्र रेलवे हॉल्ट होने के साथ-साथ बहादुरगंज प्रखंड के बड़ी संख्या में लोग भी इसी स्टेशन से रेल यात्रा करते हैं. लगातार बढ़ती यात्री संख्या और रेलवे को मिलने वाले राजस्व के बावजूद अब तक इसे पूर्ण विकसित रेलवे स्टेशन का दर्जा नहीं मिल सका है. क्षेत्र के लोगों ने इसके उन्नयन की मांग तेज कर दी है.

जून में 5,142 यात्रियों ने किया सफर

रेलवे के जून 2026 के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार तुलसिया हॉल्ट से 5,142 यात्रियों ने यात्रा की. टिकट बिक्री से रेलवे को 2,72,650 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ. यह आंकड़ा बताता है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यह हॉल्ट क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण रेल केंद्र बन चुका है.

नेपाल सीमा से जुड़े लोगों की भी पहली पसंद

तुलसिया हॉल्ट का महत्व केवल दिघलबैंक तक सीमित नहीं है. बहादुरगंज के हजारों लोग भी इसी हॉल्ट से यात्रा करते हैं. इसके अलावा नेपाल के झापा जिले समेत सीमावर्ती क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नेपाली नागरिक सीमा पार कर यहां पहुंचते हैं और कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज, सिलीगुड़ी, कोलकाता तथा दिल्ली सहित देश के विभिन्न शहरों के लिए ट्रेन पकड़ते हैं. इससे यह हॉल्ट भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र का महत्वपूर्ण रेल संपर्क केंद्र बन गया है.

बुनियादी सुविधाओं का अभाव

इतनी उपयोगिता के बावजूद यहां यात्रियों के लिए पर्याप्त शेड, विस्तृत प्रतीक्षालय, स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय, पार्किंग और बेहतर टिकट बुकिंग व्यवस्था उपलब्ध नहीं है. साथ ही अधिक ट्रेनों का ठहराव भी नहीं होने से यात्रियों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है.

स्थानीय लोगों ने उठाई स्टेशन का दर्जा देने की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब एक हॉल्ट से हर महीने हजारों यात्री सफर कर रहे हैं और रेलवे को लाखों रुपये का राजस्व मिल रहा है, तब इसे केवल हॉल्ट बनाए रखना उचित नहीं है. उनका कहना है कि तुलसिया हॉल्ट को पूर्ण रेलवे स्टेशन का दर्जा देकर सभी आवश्यक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए.

रेल मंत्रालय से शीघ्र निर्णय की अपेक्षा

क्षेत्रवासियों ने रेल मंत्री, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक, कटिहार मंडल रेल प्रबंधक तथा स्थानीय सांसद और विधायकों से तुलसिया हॉल्ट का शीघ्र उन्नयन कर पूर्ण विकसित रेलवे स्टेशन घोषित करने की मांग की है. उनका कहना है कि यह केवल एक रेलवे स्टेशन का मामला नहीं, बल्कि दिघलबैंक, बहादुरगंज और भारत-नेपाल सीमा से जुड़े लाखों लोगों की सुविधा, सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास का सवाल है. अब देखना होगा कि बढ़ती यात्री संख्या और लगातार बढ़ते राजस्व को देखते हुए रेलवे प्रशासन इस मांग पर कब निर्णय लेता है.

यह भी पढ़ें : बरचौंदी में नए बिजली उपकेंद्र की मांग, ऊर्जा मंत्री को विधायक ने सौंपा प्रस्ताव


विज्ञापन
बच्छराज

लेखक के बारे में

By बच्छराज

बच्छराज प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ठाकुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन